खन्ना में महाकाल ब्लड सेवा के लगाए शिविर में 175 लोगों ने किया रक्तदान
रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति की तरफ से किए गए रक्तदान से कई जरूरतमंद लोगों की जान बच सकती है। रक्त का कोई विकल्प नहीं हैं।
जागरण संवाददाता, खन्ना : रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति की तरफ से किए गए रक्तदान से कई जरूरतमंद लोगों की जान बच सकती है। रक्त का कोई विकल्प नहीं हैं। इसलिए लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। यही संदेश देने के लिए शहर के उच्चा वेहड़ा स्थित रानी वाला तालाब में रविवार को महाकाल ब्लड सेवा की तरफ से एक रक्तदान कैंप लगाया गया। ठेकेदार राम कुमार गर्ग की याद में लगाए गए इस तीसरे रक्तदान कैंप में कुल 175 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर खन्ना से विधायक गुरकीरत सिंह कोटली बतौर मुख्यातिथि पहुंचे और रक्तदानियों का हौसला बढ़ाया। इससे पहले उन्होंने स्व. राम कुमार गर्ग की तस्वीर पर फूलमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ खन्ना नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान विकास मेहता और जिला यूथ कांग्रेस प्रधान अमित तिवारी भी थे।
विधायक कोटली ने संस्था के प्रधान राहुल गर्ग बावा के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान एक महादान है। दान किए गए रक्त से किसी का भी जीवन बचाया जा सकता है। इससे बड़ा पुण्य का काम नहीं हो सकता। आज अस्पतालों में काफी संख्या में मरीजों को रक्त की जरूरत हैं। इसके लिए उनकी संस्था हमेशा प्रयास करती रहेगी। कैंप के लिए लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गर्वनर जयरथ, खन्ना प्रधान धरमिदर सिंह रूपराय ने भी इसमें सहयोग किया।