पत्नी से छेड़छाड़ को रोका तो घर में घुस किया हमला
घुमार मंडी के शिवा चौक इलाके में पत्नी से छेड़छाड़ को रोकने पर युवक ने साथियों समेत एक घर में घुस कर पूरे परिवार पर हमला कर दिया।
जासं, लुधियाना : घुमार मंडी के शिवा चौक इलाके में पत्नी से छेड़छाड़ को रोकने पर युवक ने साथियों समेत एक घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। आरोपितों ने घर पर ईंट-पत्थरों की बरसात कर दी। हादसे में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। उनमें से एक को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हवलदार गुरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने प्रेम नगर निवासी महिला की शिकायत पर संदीप, एलई, गोरा, रिशव, समोही, भीम, बिट्टू, जिम्मी, सूरज, नानू व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अपने बयान में महिला ने बताया कि आरोपित संदीप उस पर बुरी नजर रखता है। जिसके बारे में उसने अपने पति व देवर को बताया। 19 मई को उसके पति व देवर ने आरोपित संदीप को समझाने की कोशिश की। मगर बात को समझने की बजाय आरोपित ने उनके साथ गाली गलौज किया।
उसी शाम आरोपितों ने शिकायतकर्ता महिला के देवर का मोटरसाइकिल गली में रोक उस पर हमला कर दिया। पता चलते ही महिला, उसका पति व ससुर उसे छुड़ाने के लिए गए तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। चारों किसी तरह बच कर भागते हुए अपने घर में घुस गए। मगर आरोपितों ने वहां पहुंच कर भी ईंट पत्थरों से उन पर हमला कर दिया। उनके शोर मचाने पर लोगों को जमा हुए देख आरोपित जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए। महिला के देवर को गंभीर हालत में इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट के दौरान उसके गले में पहनी सोने की चैन कहीं गिर गई। पुलिस आरोपितों की तलाश में रेड कर रही है।