सीएम के नेतृत्व में प्रदेश के हर शहर का हो रहा सर्वपक्षीय विकास : धालीवाल
विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार फगवाड़ा का विकास करवा रही है।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटायर्ड आइएएस) ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पंजाब तरक्की की नई इबारत लिख रहा है। कैप्टन सरकार राज्य के सभी वर्गो के हित में शानदार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि साल 2021 में सीएम अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पंजाब सर्वपक्षीय विकास और तरक्की का नया अध्याय लिखेगा। विधायक ने कहा कि कैप्टन सरकार का मकसद पंजाब के हर वर्ग को सशक्त बनाना है, इसके लिए सरकार ने अनेकों जनकल्याण योजनाएं शुरू की है जिसका लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से प्रदेश और लोक हित में किए जा रहे शानदार कार्यो के चलते मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। कैप्टन सरकार राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये खर्च कर लोगों की सुविधा हेतु सर्वपक्षीय विकास करवा रही है। इसी के तहत फगवाड़ा हलके में भी शहरी व ग्रामीण स्तर पर तेजी से विकास के काम चल रहे है। विधायक धालीवाल ने बताया कि साल 2019 के उप चुनाव में उनके विधायक बनने के बाद नगर निगम के अंतर्गत पड़ते सभी 50 वार्डो में बिना किसी पक्षपात के करीबन 42 करोड़ रूपए की लागत से विकास के काम चल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास कार्यो हेतु करोड़ों की ग्रांट बांटी जा चुकी है। फगवाड़ा हलके में शिक्षा के स्तर को ऊंचा करने व लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। फगवाड़ा के कई सरकारी स्कूलों को स्मार्ट स्कूल में तबदील किया गया है। साथ ही सरकारी सिविल अस्पताल व डिस्पेंसरियों में अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही है। विधायक धालीवाल ने कहा कि उप चुनाव में फगवाड़ा की जनता से किया हर वादा पूरा किया जा रहा है। फगवाड़ा हलके में जितने भी विकास के प्रोजेक्ट चल रहे है वह सभी आम लोगों से सहमती के बाद शुरू किए गए हैं।