युवा पीढ़ी देश की उन्नति व प्रगति का ले संकल्प : संदीप
हमेशा जोश और जुनून से सराबोर रहने वाली युवा पीढ़ी देश का भविष्य होती है।
संवाद सहयोगी, कपूरथला : हमेशा जोश और जुनून से सराबोर रहने वाली युवा पीढ़ी देश का भविष्य होती है। आंखों में उम्मीद के सपने, नई उड़ान भरता हुआ मन और जो एक बार करने की ठान लें तो लाख मुश्किलें भी उसको बदल न पाएं। शायद आज की युवा पीढ़ी को अपनी इस शक्ति का अंदाजा नहीं है। उक्त बातें शिव सेना बाल ठाकरे यूथ विग के जिला अध्यक्ष संदीप पंडित, जिला उपाध्यक्ष समीर शर्मा व नगर अध्यक्ष योगेश सोनी ने संयुक्त रूप से कही। उक्त नेताओं ने कहा कि आज युवा पीढ़ी शायद इन बातों से अनजान है। एक ओर वह अपने करियर को बेहतर दिशा देने के लिए संघर्षरत है। वहीं कुछ युवा नशा, वासना, लालच, हिसा के कर्म में शामिल हो गए हैं। दुर्भाग्य से आज अधिसंख्य लोगों के जीवन से खेल-कूद, व्यायाम दूर होते जा रहे हैं। पूरा-पूरा दिन ही मोबाइल, इंटरनेट, फेसबुक, वाट्स एप, ट्विटर आदि युवाओं को व्यस्त रखते हैं। आज आवश्यकता इस बात की है कि हमारा युवा इस देश की परिस्थितियों को ठीक से समझे। उक्त नेताओं ने कहा कि आज के युवा को अपनी उन्नति और प्रगति के साथ इस भारत का नक्शा बदलने का संकल्प लेना होगा तभी यह भारत दुनिया का सिरमौर बन सकेगा। तभी हम सच्चे अर्थों में आजादी का आनंद ले पाएंगे।