उदय होते सूर्य को अर्घ्य देकर श्रद्धालुओं ने संपन्न किया छठ व्रत
महिलाओं ने रविवार सुबह उदय होते ही सूर्य देव को अर्घ्य देकर चार दिन के महापर्व छठ का समापन किया।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : महिलाओं ने रविवार सुबह उदय होते ही सूर्य देव को अर्घ्य देकर चार दिन के महापर्व छठ का समापन किया। स्थानीय चाचोकी नहर सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में छठ पूजा के लिए बनाए गए घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आमद शुरु हो गई थी और देखते देखते सभी छठ घाट श्रद्धालुओं की भीड़ से भर गए।
इस दौरान पूजा का सामान को लेकर परिवार के साथ छठ घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने पानी के बीच खड़े रह कर पूजा की तमाम रस्में पूरी की। इसे लेकर चाचोकी नहर सहित अन्य क्षेत्रों में बनाए घाटों में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। रविवार सुबह महिला श्रद्धालुओं ने छठी मैया और उदय होते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद छठ का प्रसाद खाकर व्रत खोला, अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने सूर्य देव और छठी मैया से मनोकामना पूर्ति हेतु प्रार्थना भी की।
फगवाड़ा में बने छठ घाटों पर शनिवार शाम से व्रत रखने वालों की भीड़ उमड़ रही थी। सिर पर रखा हुआ टोकरा व उसमें भरा हुआ छठ पूजा का सामान लेकर श्रद्धालु पूरे उत्साह से परिवार सहित छठ घाटों पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने छठ पूजा से संबंधित धार्मिक भजन गाते हुए छठ पूजा की रस्में पूरी की। केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश व अनीता सोम प्रकाश ने भी टेका माथा
छठ पूजा लेकर चाचोकी की नहर पर बने घाट में रविवार सुबह केंद्रीय राज्यमंत्री सोम प्रकाश व समाज सेविका अनीता सोम प्रकाश भी माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छठी मैया व सूर्य भगवान के आगे नतमस्तक होकर माथा टेकते हुए फगवाड़ा के विकास, उन्नति की कामना की। वहीं केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने छठ पूजा महापर्व की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर भाजपा प्रधान परमजीत पम्मा, मेयर अरुण खोसला, चंद्र रेखा शर्मा व अन्य उपस्थित थे।