भंडारे के लिए राशन-सामग्री का ट्रक रवाना किया
ओम नम शिवाय सेवा मंडल जालंधर की ओर से अमरनाथ यात्रा दौरान बालटाल में विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
संवाद सूत्र, फगवाड़ा : ओम नम: शिवाय सेवा मंडल जालंधर की ओर से अमरनाथ यात्रा दौरान बालटाल में विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। भंडारे में सहयोग के लिए श्री जट्टाधारी सेवा मंडल फगवाड़ा की ओर से 20 सेवादार व राशन सामग्री के ट्रक को मंगलवार को बालटाल के लिए रवाना किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने पूजा अर्चना कर ट्रक को रवाना किया।
उन्होंने अमरनाथ यात्रा पर जा रहे संस्था के सभी सेवादारो को बधाई दी। संस्था के चेयरमैन एडवोकेट रविंदर शर्मा ने बताया कि ओम नम: शिवाय सेवा मंडल जालंधर को बालटाल कश्मीर में भंडारा लगाने की अनुमति मिली है। इसके चलते श्री जट्टाधारी सेवा मंडल की ओर से भंडारे में सहयोग करने के लिए सेवादार व राशन सामग्री का ट्रक फगवाड़ा से रवाना किया जा रहा है। शर्मा ने भंडारे में सहयोग करने वाले सभी शिव भक्तों का आभार जताया।
उन्होंने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि श्राइन बोर्ड द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा पर जाएं। इस अवसर पर ओम नम: शिवाय सेवा मंडल जालंधर के अध्यक्ष नीरज महाजन, श्री जट्टाधारी सेवा मंडल के अध्यक्ष मुनीष चड्ढा , एडवोकेट बलदेव राज शर्मा, बलवंत बिल्लू, शिव कनौजिया, विवेक चड्ढा व अन्य उपस्थित थे।