पहले दिन 2200 क्विंटल धान की खरीद, प्रबंध अधूरे
कपूरथला की नई दाना मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू हो गई है।
संवाद सहयोगी, कपूरथला : कपूरथला की नई दाना मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। रविवार को मार्कफेड ने1200 क्विंटल धान की खरीद की। वहीं, फत्तूढ़ींगा में 1000 क्विंटल धान की खरीदारी की गई। रविवार होने के चलते मंडियों में किसान काफी धान कम लेकर आए। नई दाना मंडी के सुपरवाइजर प्रिथीपाल सिंह घुम्मन ने बताया कि अभी धान की कटाई की रफ्तार काफी धीमी चल रही है। इस लिए मंडियों में काफी कम धान आ रहा है।
दैनिक जागरण की टीम ने कपूरथला स्थित नई दाना मंडी का दौरा करने पर पाया कि किसान मंडी में धान लेकर पहुंच रहे हैं। वहीं, मंडी की सड़कें जगह-जगह से टूटी हुई है। मंडी बोर्ड की ओर से धान की खरीद के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं किया गया था। मंडी में किसानों के पानी तक की व्यवस्था नहीं थी।
मंडी में उपस्थित गांव बरिदपुर के किसान तजिदरपाल सिंह, ओमकार सिंह, सेवा सिंह, बंता सिंह, भाग सिंह ने बताया कि हर साल मंडियों में सफाई व्यवस्था, पीने का पानी ओर लाइटों के पुख्ता प्रबंधों के दावे तों किए जाते हैं लेकिन हकीकत कुछ और ही है। मंडी में धान लेकर आने वाले किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो बारिश होने पर तिरपाल भी नही मिलती। शेड छोटी होने के कारण धान की फसल बारिश से भीग जाती है। सरकार को चाहिए कि किसानों के लिए शेड का पुख्ता प्रबंध करे तथा मंडी की सड़क का निर्माण करवाए।
मार्केट कमेटी के उप चेयरमैन रजिदर कौड़ा का कहना है कि मंडी की टूटी सड़क का निर्माण करवाने के लिए ग्रांट जारी किया गया है। सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। किसानों के पीने के लिए पानी का प्रबंध किया गया है। बारिश होने पर धान को ढकने के लिए तिरपालों का पूरा प्रबंध है।