वातावरण बचाने के लिए करें पौधरोपण : हिमांशु पराशर
बार एसोसिएशन फगवाड़ा के प्रधान हिमांशु पराशर ने कहा कि सड़कों पर चलने वाले वाहनों से प्रदूषण बढ़ रहा है।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : बार एसोसिएशन फगवाड़ा के प्रधान हिमांशु पराशर ने कहा कि सड़कों पर चलने वाले वाहनों से प्रदूषण बढ़ रहा है। इससे कार्बन डाईआक्साइड गैस की मात्रा बढ़ रही है। सड़कों के किनारे पेड़-पौधों की कम संख्या के चलते हवा में अशुद्धियां अधिक बढ़ रही हैं। सड़कों पर धुएं से होने वाले वायु प्रदूषण को पेड़-पौधे लगाकर कम किया जा सकता है। पेड़-पौधे वायु में फैली कार्बन डाईआक्साइड गैस का अवशोषण कर आक्सीजन गैस का उत्सर्जन करते हैं। इससे पर्यावरण में संतुलन बना रहता है।
वहीं सड़क किनारे लगे पेड़ राहगीरों को आराम करने के लिए ठंडी छाया भी प्रदान करते हैं। इसलिए हमें अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण करने के बाद उसका संरक्षण करना भी अनिवार्य है। हमें पौधों की देखभाल बच्चों की तरह करनी चाहिए। बिना संरक्षण के अधिकांश पौधे लगाने के कुछ दिन बाद ही सूख जाते हैं। ऐसे में पौधे का पेड़ बनने तक संरक्षण करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है।