लोन दिलाने के नाम पर एक लाख ठगे, मैकेनिक ने फंदा लगाकर दी जान
विरासती शहर के मोहल्ला हकीम जाफर अली से बिजली मैकेनिक ने आत्महत्या कर ली।
संवाद सहयोगी, कपूरथला : विरासती शहर के मोहल्ला हकीम जाफर अली निवासी बिजली मेकैनिक ने मंगलवार बाद दोपहर ढ़ाई बजे फाइनांसर द्वारा परेशान करने तथा मकान लेने के लिए कर्ज ना मिलने से परेशान होकर पंखे से तार लपेट कर आत्महत्या कर ली। थाना सिटी की पुलिस ने मौके पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अवतार सिंह निवासी मोहल्ला हकीम जाफर अली के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
थाना सिटी केएसएचओ हरजिदर सिंह घटना स्थल पर पहुंचे व घटना की जांच की। मृतक की पत्नी सुलेखा ने बताया कि वह एक स्कूल में नौकरी करती है। छुट्टी होने पर बाद दोपहर घर पहुंची तो उसने अपने पति अवतार सिंह को पंखे से लटकता हुआ पाया। सुलेखा ने बताया कि उसका पति पिछले कई दिनों से परेशान था। घर काफी छोटा होने के कारण उसने बड़ा घर खरीदने का प्लान बनाया था। उसने देव नामक युवक निवासी लाहौरी गेट से संपर्क किया था जिसने उसे बैंक लोन दिलवाने का झांसा देते हुए उससे एक लाख रुपये ले लिए। उसके पति ने यह रुपये निशा पुत्री हरबंस लाल तथा सुमन पत्नी हरबंस लाल से ली थी। पैसे लौटाने के लिए दोनों महिलाएं उसे परेशान करती थी। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि बैंक का कर्ज ना मिलने तथा फाइनांसर से तंग आकर उस के पति ने आत्महत्या की है। थाना सिटी कपूरथला की पुलिस ने देव, निशा तथा सुमन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।