सेवाएं रेगुलर करवाने के लिए एनएचएम कर्मियों ने की हड़ताल
फगवाड़ा सिविल अस्पताल में तैनात एनएचएम कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : फगवाड़ा सिविल अस्पताल में तैनात एनएचएम (नेशनल हेल्थ मिशन) कर्मचारियों ने सेवाओं को रेगुलर किए जाने की मांग को लेकर शनिवार छठे दिन भी अपनी हड़ताल जारी रखी और सिविल अस्पताल परिसर में धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों की ओर से प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। एनएचएम कर्मचारियों ने कहा कि वह बीते लंबे समय से कांट्रेक्ट बेसिस पर काम कर रहे हैं। हर बार सरकार की ओर से उन्हें रेगुलर करने की बात की जाती है लेकिन इस संबंध में कुछ किया नही जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसा भी नहीं है कि सरकार को समय-समय पर उनका वादा याद नहीं दिलाया, परंतु हर बार सिवाय आश्वासन के हाथ कुछ नहीं आया। वह मजबूर होकर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुत कम वेतन पर उनसे रेगुलर स्टाफ से ज्यादा काम लिया जा रहा है। एनएचएम (नेशनल हेल्थ मिशन) ने कहा कि बीते 16 महीनों से वह फ्रंट लाइन वर्कर के रूप में काम कर रहे हैं। ऐसे में सरकार उनकी मांगों पर पूरा करने की बजाए उनपर ध्यान ही नहीं दे रही है जोकि सरासर गलत है। कर्मचारियों ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते उन्हें रेगुलर न किया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
विधायक राणा से मिले एनएचएम कर्मी, ज्ञापन सौंपा
संवाद सहयोगी, कपूरथला : नेशनल हेल्थ मिशन अधीन काम करते कर्मचारियों ने शनिवार को मांगों को लेकर सिविल सर्जन दफ्तर के समक्ष प्रदर्शन किया। यूनियन के शिष्टमंडल ने विधायक कपूरथला राणा गुरजीत सिंह को मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि वह सेहत विभाग में बहुत कम वेतन पर काम कर रहे है। सरकार उनकी सेवाएं रेगुलर करने की बजाय शोषण कर रही है। कर्मचारी कोरोना काल में भी अपनी डयूटी से निभा रहे हैं लेकिन सरकार को कर्मचारियों की परवाह नहीं है। मौके पर कुलदीप सिंह, गुरविदर सिंह, गुरपिदर सिंह, अशविदर सिंह, गुरविदर सिंह, अविनेश कौर, रमिदर कौर व अन्य उपस्थित थे।