शाही ठाठ बाठ से रवाना हुई श्री गुरु नानक देव जी की बरात, संगत ने किया भव्य स्वागत
श्री गुरु नानक देव जी के विवाह पर्व संबंधी बारात रुपी नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सुल्तानपुर लोधी से बटाला के लिए धूमधाम व शाही ठाठ बाठ से रवाना हुआ।
सुल्तानपुर लोधी [हरनेक सिंह जैनपुरी/सिमरनजीत सिंह]। श्री गुरु नानक देव जी के विवाह पर्व संबंधी बारात रुपी नगर कीर्तन शनिवार को गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सुल्तानपुर लोधी से बटाला के लिए धूमधाम व शाही ठाठ बाठ से रवाना हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्र-छाया एवं पांच प्यारों की अगुवाई में पुष्पवर्षा के बीच बाबा नानक की बरात सरबत के भले की अरदास के बाद रवाना हुई।
बरात में ढोल नगाड़ों व बैंड बाजों व हाथी घोड़ों की मौजूदगी में अनेक संत महापुरुषों के अलावा एसजीपीसी सदस्य, गणमान्यों समेत हजारों की तदाद में संगतें शामिल थी। हर गांव व पूरे रास्ते में संगतें दोनों हाथ जोड़े बारात रुपी नगर कीर्तन के इंतजार में पलकें बिछाए घंटों तक खड़े रहे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह लंगर का आयोजन किया गया।
बटाला में बरात के स्वागत के लिए पहुंची श्रद्धालु।
श्री गुरु नानक देव जी ने गृहस्थ जीवन सुल्तानपुर लोधी में ही शुरू किया था। गुरु जी का विवाह बटाला में माता सुलखनी जी से हुआ था। गुरु जी सुल्तानपुर लोधी से अपने निवास स्थान से बारात लेकर बटाला गए थे, उसी दिन की महत्ता के मद्देनजर गुरु जी के विवाह पर्व को धूमधाम व श्रद्धा से मनाया जाता है। बीती शाम बटाला की संगत सुल्तानपुर लोधी से विवाह के लिए शगुन देने और बरात के रूप में नगर कीर्तन लेने पहुंची।
बटाला में संगत के लिए लंगर तैयार करती संगत।
बरात में विधायक नवतेज सिंह चीमा, पूर्व मंत्री डॉ. उपिंदरजीत कौर, संत बलबीर सिंह सींचेवाल, एसजीपीसी मेंबर जरनैल सिंह डोगरवाला, शिंगारा सिंह लोहिया, गोरिंदर सिंह गोरा, मास्टर गुरुदेव सिंह, कंवलनैन सिंह कैनी, दिलबाग सिंह, परमिंदर सिंह खालसा, सरवण सिंह खालसा आदि समेत हजारों लोग शामिल हुए।
सुल्तानपुर लोधी में बिताए 14 साल 9 माह 13 दिन
सुल्तानपुर लोधी की धरती पर श्री गुरु नानक देव जी 14 साल 9 महीने 13 दिन तक रहे। यहीं उनकी शादी हुई। इसी धरती से उन्होंने विश्व कल्याण के लिए उदासियों का आगाज किया। सुल्तानपुर लोधी में गुरु साहिब से संबंधित 9 गुरुद्वारा साहिब हैं, जिनसे गुरु साहिब का इतिहास जुड़ा हुआ है।
आज भी बेरी का पेड़ दे रहा फल
गुरुद्वारा बेर साहिब में गुरु साहिब के हाथों से लगाया गया बेरी का पेड़ आज भी फल दे रहा है। गुरुद्वारा सेहरा साहिब में गुरु साहिब की सेहराबंदी हुई थी। गुरुद्वारा बेबे नानकी गुरु साहिब की बहन की याद में बना हुआ है।