स्थायी विकास के लक्ष्य को पूरा करना जरूरी : वर्मा
पुष्पा गुजराल साइंस सिटी की ओर से वेबिनार करवाया
संवाद सहयोगी, कपूरथला : पुष्पा गुजराल साइंस सिटी की ओर से स्थायी विकास के लक्ष्य, हुनर व ज्ञान प्रोग्राम पर आधारित वेबिनार करवाया गया। वेबिनार में अलग-अलग शिक्षण संस्थानों के 100 अध्यापकों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता के रूप में यूनाइटेड नेशन डेवलपमेंट प्रोग्राम उत्तर भारत के क्षेत्रीय प्रभारी विकास वर्मा उपस्थित हुए। उन्होंने स्थायी विकास के लक्ष्य 2030 पंजाब की स्थिति व मौकों पर विशेष जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि स्थायी विकास के लक्ष्य व एजेंडा 2030 बहुत जरुरी है। संयुक्त राष्ट्र 2030 का एजेंडा भविष्य के लिए एक उम्मीद है। नीति आयोग के सूचक अंक के अनुसार पंजाब की कार्यप्रणाली में लगातार सुधार हो रहा है। इस प्रदर्शन को बनाए रखने व में राज्य के युवाओं की अहम भूमिका है।
साइंस सिटी की डायरेक्टर जनरल डा.नीलिमा जेरथ ने कहा कि धरती व लोगों के विकास के लिए स्थायी विकास बहुत जरुरी है। पूरी दुनिया इस समय चुनौतियों का सामना कर रही है। स्थायी विकास के यह लक्ष्य 2030 तक प्राप्त किए जाएंगे।
साइंस सिटी की ओर से चयनित सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में एसडीजी क्लब बनाए जा रहे है। इन क्लबों के जरिए स्कूली बच्चों का ध्यान स्थायी विकास के लक्ष्यों पर केंद्रित करने हेतू पूरा साल इन स्कूलों के प्रोग्राम तैयार किए गए है। साइंस सिटी की ओर से स्थायी विकास शिक्षा को उत्साहित करने के लिए अलग-अलग प्रोग्रामों के जरिए हर स्तर पर प्रयत्न किए जा रहे हैं।
रिसोर्स मोबिलाइजेशन व पार्टिशन एसडीजी कोआर्डीनेटर सेंटर पंजाब की प्रभारी नंदिता माथुर ने बताया कि पंजाब विजन दस्तावेज 2030 में स्थायी विकास के लक्ष्यों को चार थम में बांटा गया है जो कि लोक भलाई, सभी सेंटरों के विकास को पुनर्जीवित करने, शांति बनाए रखने, परेशानी खत्म करने व भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए दरपेश चुनौतियों को हल करने में अहम भूमिका निभाते है। गरीब, भूखमरी, रोजी रोटी, आसरा समेत सम्मानजनक जीवन आदि चुनौतियों की पहचान की गई है।
साइंस सिटी के डिप्टी जनरल मैनेजर शीरज बातिश ने कहा कि स्थायी विकास के लक्ष्य गरीबी के खात्में, धरती की रक्षा के लिए सभी देशों की एक व्यापक योजना है। इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए दरपेश चुनौतियों को दूर करने में युवा वर्ग, समाज सेवी संस्थाओं, सिविल सोसायटी व मीडिया की बहुत अहम भूमिका है।