हमीरा फैक्ट्री वर्करों को मांगें पूरी होने की जगी उम्मीद
जगतजीत इंडस्ट्री हमीरा के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मियों को 20 फरवरी दोपहर दो बजे तक हल करने का लिखित भरोसा मिला है।
संवाद सहयोगी, सुभानपुर : जगतजीत इंडस्ट्री हमीरा के बाहर मांगों को लेकर डेढ़ महीने से मोर्चा लगाकर प्रदर्शन कर रहे फैक्ट्री कर्मियों को एसडीएम भुलत्थ रणदीप सिंह हीर ने 20 फरवरी को दोपहर दो बजे मांगें पूरी होने का लिखित पत्र मिला है। इसके बाद सोमवार देर रात को जीटी रोड पर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने धरना समाप्त किया। हमीरा फैक्ट्री के बाहर कर्मचारियों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा।
बताते चलें कि जगतजीत इंडस्ट्रीज डेमोक्रेटिक वर्कर्स यूनियन की ओर से कर्मचारियों के मसलों को हल करवाने के लिए गत सोमवार से संघर्ष को तेज करने की घोषणा की थी। इसके चलते प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री मालिकों व प्रशासन के खिलाफ महिलाओं साथ प्रदर्शन शुरू किया। पुलिस की ओर से अमृतसर-जालंधर जीटी रोड पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई थी। महिला पुलिस कर्मचारियों ने महिलाओं को हाईवे पर ही घसीटना शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर ही हंगामा शुरू हो गया। यह हंगामा उस समय ओर बढ़ गया, जब प्रदर्शनकारी अपनी मांगों के समर्थन में फैक्ट्री गेट की तरफ बढ़ने लगे। पुलिस फोर्स के साथ मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें जबरन आगे जाने से रोकना शुरू कर दिया। इस पर गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे के बीच धरना लगाकर चक्का जाम कर दिय। इसके बाद एसडीएम भुलत्थ मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों तथा फैक्ट्री प्रशासन के साथ बैठक करके 20 फरवरी दोपहर दो बजे तक उनकी सभी मांगों को पूरी करने का लिखित भरोसा दिलाया। इस मौके पर इंडियन फेडरेशन आफ ट्रेड यूनियन के प्रांतीय प्रधान कुलविदर सिंह वड़ैच, जगतजीत इंडस्ट्री डेमोक्रेटिक वकर्स यूनियन के कश्मीर सिंह घुग्गशोर, गुरप्रीत सिंह चीदा, सतीश कुमार, शिरोमणि रंघरेटा दल के प्रधान बलवीर सिंह चीमा, दशमेश फौज तरना दल निहंग सिंह जत्थेबंदियों के भाई परमजीत सिंह खडूर साहिब, अमरीक सिंह, दशमेश फौज रंघरेटा दल के चेयरमैन भाई गुरदयाल सिंह, दलित नेता अमनदीप सिंह भट्टी आदि मौजूद थे।