गांव का विकास करवाया तो मिला मिला अवार्ड
गाव सीचेवाल को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सशक्तिकरण अवार्ड दिया गया।
हरनेक सिंह जैनपुरी, सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)
केंद्र सरकार ने शानदार कार्यो के लिए गाव सीचेवाल को दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण अवॉर्ड से पुरस्कृत किया है। केंद्र सरकार की ओर से शुक्रवार को गाव के सरपंच तजिंदर सिंह को ऑनलाइन अवार्ड दिया गया। यह अवार्ड प्रदेश की सिर्फ दो पंचायतों के हिस्से आया है। पहला कपूरथला का गांव सीचेवाल तथा दूसरा मोगा की रणशीह कला की पंचायत शामिल है। पंचायतों को शुक्रवार को आनलाइन अवार्ड की घोषणा कर दी गई और पासर्ल के जरिए उनके पास यह अवॉर्ड उनके पास पहुंच जाएगा। अवार्ड के तहत हर पंचायत को पांच से 10 लाख रुपये मिलेगा। गाव सीचेवाल को यह अवार्ड पंचायत की ओर से किए विकास कार्यो के आधार पर मिला है। सीचेवाल गाव में बच्चों के खेलने के लिए शानदार खेल मैदान है। हॉकी के लिए सिक्स साइड ग्राउंड पर एस्ट्रोट्रफ लगाई गई है। रेसलिंग के लिए मिट्टी वाले अखाडे़ के अलावा गद्दे भी लगाए गए हैं जिस पर सुबह शाम रोजाना बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाता है। गाव की महिलाओं के निजी व घरेलू मसलों के हल करने के लिए महिलाओं की 11 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।
गाव के युवा सरपंच तजिंदर सिंह का कहना है कि अगर किसी महिला का कोई मसला आता है तो यह कमेटी स्थायी हल करवाने की कोशिश करती है जिसके बेहद सार्थक परिणाम मिल रहे हैं। सरपंच के मुताबिक गाव में बच्चों की पढ़ाई के लिए संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से दो स्कूल और एक कॉलेज खोला गया है। जिसमें बच्चों को आर्ट्स से लेकर मेडिकल तक की पढ़ाई करवाई जाती है। इसके अलावा गाव में 24 घटे पानी की सप्लाई उपलब्ध रहती है। पानी की बर्बादी रोकने के लिए हर घर में पानी के मीटर लगाए गए हैं। गाव के सभी लोग अपने घरों के बाहर व गलियों की रोजाना खुद सफाई करते है। पूरे गाव में अंडर ग्राउंड सीवरेज पाइप लाइन बिछी है। सीवरेज के पानी को देसी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से साफ कर खेती के लिए उपयोग किया जाता है।
उन्होंने बताया कि गाव को यह अवार्ड 2018-19 दौरान किए गए विकास के अलग-अलग कार्यो के लिए मिला है। सीचेवाल में 45 मजदूरों को मनरेगा के जरिए 100 दिन रोजगार मुहैया करवाया जाता है और किसानों की खेती के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं।