मारपीट के आरोप में महिला सहित पांच नामजद
थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने मारपीट करने के आरोप में एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी : थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने मारपीट करने के आरोप में एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित गुरबचन पुत्र करतार वासी अहदमपुर छन्ना थाना सुल्तानपुर लोधी ने बताया कि गत दिनों वह धान लगाकर अपने घर आया था। इसी दौरान रात को करीब साढ़े आठ बजे उसका छोटा लड़का नछत्तर सिंह, कुलजीत कौर पत्नी नछत्तर सिंह वासी अहमदपुर छन्ना, नछत्तर सिंह के साले गोरी, मनजीत सिंह वासी नया पिड चौकिया व पिदी पुत्र सीटी राम मुसला आए व उनके हाथों में तेजधार हथियार लेकर आए और उसके लड़के हीरा लाल के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
पीड़ित ने बताया कि जब वह अपने बेटे को छुड़ाने के लिए पहुंचा तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि जब उसके लड़के हीरा लाल ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग एकत्रित होते देखकर सभी हमलावर फरार हो गए। उनके लड़के को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में सुल्तानपुर लोधी में भर्ती करवाया गया। एसएचओ सरबजीत सिंह ने बताया कि मामले में उक्त पांचों आरोपितों को नामजद कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।