फगवाड़ा में भाजपा विजय सांपला पर लगा सकती है दांव
पंजाब में 20 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर चल रही सियासत
अमित ओहरी, फगवाड़ा :
पंजाब में 20 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। फगवाड़ा विधानसभा हलके से शिरोमणि अकाली दल-बसपा गठबंधन, आम आदमी पार्टी व कांग्रेस उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं। टिकट घोषित होने में हो रही देरी से भाजपा में टिकट के दावेदार असमंजस में है। फगवाड़ा विधानसभा सीट के लिए टिकट के दावेदारों में अबतक केंद्रीय राज्यमंत्री सोम प्रकाश की धर्मपत्नी अनीता सोम प्रकाश, पंजाब भाजपा महासचिव राजेश बाघा व भाजयुमो नेता अमित सांपला आशु का नाम शामिल था। भाजपा में परिवारवाद को बढ़ावा न देने की परंपरा और बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच एकाएक अब राष्ट्रीय एससी-एसटी कमीशन के चेयरमैन विजय सांपला का नाम भी फगवाड़ा हलके से भाजपा की टिकट के लिए सामने आया है। पता चला है कि फगवाड़ा हलके में इस बार कड़े मुकाबले के आसार को देखते हुए भाजपा अपने बडे चेहरे राष्ट्रीय एससी-एसटी कमीशन के चेयरमैन विजय सांपला पर भी दांव खेल सकती है। हालांकि विजय सांपला अपने पुत्र साहिल सांपला को शाम चौरासी हलके से टिकट दिलवाना चाहते हैं। पंजाब में 20 फरवरी 2022 के चुनावों में भाजपा पीएसी, संयुक्त अकाली दल से गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। ऐसे में अगर शाम चौरासी हलके की सीट गठबंधन के खाते में आ जाती है तो फगवाड़ा आरक्षित हलके से भाजपा विजय सांपला को चुनावी मैदान में उतार सकती है। फगवाड़ा हलके के मौजूदा राजनीतिक समीकरणों को देखा जाए तो इस बार यहां कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
सांपला के भतीजे आशु भी दिखे सक्रिय
हालांकि एससी-एसटी कमीशन के चेयरमैन विजय सांपला के भतीजे आशु सांपला भी फगवाड़ा में सक्रियता दिखा रहे हैं। फगवाड़ा से भाजपा की टिकट के लिए एससी-एसटी कमीशन के चेयरमैन विजय सांपला का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। विजय सांपला लोकसभा होशियारपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद भी रह चुके है और साल 2014 की मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री थे। फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र भी होशियारपुर संसदीय क्षेत्र में ही आता है। विजय सांपला के केंद्रीय मंत्री रहते समय फगवाड़ा के लोगों की प्रमुख मांग एलीवेटेड ओवरब्रिज बनाने की शुरुआत हुई। वहीं फगवाड़ा में पासपोर्ट सेवा केंद्र भी खुला। भाजपा के एक धड़े में यहां तक चर्चा है कि भाजपा हाईकमान विजय सांपला को चुनाव लड़ाने का मन बना चुकी है। बहरहाल फगवाड़ा विधानसभा हलके से भाजपा की टिकट पर कौन बाजी मारता है, यह आज-कल में तय हो जाने की प्रबल संभावना है।
सभी राजनीतिक दल उतार रहे बड़े चेहरे
सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने बड़े चेहरों को फगवाड़ा के चुनावी दंगल में उतारा है। शिअद-बसपा गठबंधन की ओर से पंजाब बसपा प्रधान जसवीर सिंह गढ़ी चुनावी मैदान में है, वही कांग्रेस ने 2019 में 26 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज करने वाले सेवानिवृत आइएएस अधिकारी बलविदर सिंह धालीवाल व आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से आप में शामिल हुए और कांग्रेस सरकारों के समय तीन बार पंजाब सरकार में मंत्री रहे जोगिदर सिंह मान जैसे बड़े नेताओं पर दांव खेला है। इसी को देखते हुए भाजपा भी अपने किसी बड़े चेहरे को चुनावी मैदान में उतारना चाहेगी। इसके लिए केंद्रीय राज्यमंत्री सोम प्रकाश की धर्मपत्नी अनीता सोम प्रकाश का नाम चल रहा है और वह हलके में पूरी तरह से सक्रिय भी है।