जिला भाजपा प्रधान राजेश पासी ने किया कार्यकारिणी का विस्तार
जिला भाजपा के प्रधान राजेश पासी ने सभी भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं से बैठक की।

संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : जिला भाजपा के प्रधान राजेश पासी ने सभी भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं से 20 फरवरी को पंजाब में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा का मिशन 2022 को सफल बनाने की अपील की है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार लोगों के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। वहीं कांग्रेस सरकार से पंजाब का हर वर्ग निराश है। जिलाध्यक्ष राजेश पासी ने कहा कि सभी भाजपाई केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाए और केंद्र सरकार की ओर से देशहित व लोक हित में किए गए कार्यों से जनता को अवगत करवा उनसे भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करें। राजेश पासी ने कहा कि आगामी चुनावों को लेकर जिला भाजपा पूरी तरह से तैयार है और सभी भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी निर्धारित कर दी गई है। जिलाध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी में विस्तार करते हुए भाजपा नेता राजेश शर्मा रुक्की को जिला भाजपा का उपाध्यक्ष, जबकि राजकुमार राणा राजू व राकेश कुमार गुप्ता को प्रेस सचिव नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि राजू राणा व राकेश कुमार गुप्ता डिजीटल तौर पर भाजपा के प्रचार व प्रसार में अहम भूमिका निभाएंगे। जिलाध्यक्ष राजेश पासी ने कहा कि डिजीटल तौर पर प्रचार करने के लिए जिला कपूरथला में पड़ते चार विधानसभा क्षेत्रों कपूरथला, फगवाड़ा, सुल्तानपुर लोधी व भुलत्थ में सभी प्रबंध मुकम्मल कर लिए गए हैं। अब चुनाव में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्य एकजुट हो बेहतर कार्य करेंगे।
Edited By Jagran