कीर्ति नगर की टूटी सड़कों से गुजरना हुआ मुश्किल
फगवाड़ा स्थित कीर्ति नगर की सड़क खस्ताहाल है।
प्रवीण कन्नौजिया, फगवाड़ा
नगर निगम के अधीन आते कीर्ति नगर की सड़क खस्ताहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे़ बन गए हैं जिससे राहगीर हादसों का शिकार बन रहे हैं। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्र वासियों की ओर से वार्ड के पूर्व पार्षद ने निगम के अधिकारियों से कई बार सड़क निर्माण करवाने के लिए कहा है। निगम के अधिकारी सड़क बनाने के प्रति गंभीर नहीं है।
कीर्ति नगर के रहने वाले दविंदर, राजू, रीना, प्रेमा और राज कुमार ने बताया कि पिछले पांच साल से क्षेत्र की सड़की की हालत दयनीय है। सड़कों के निर्माण के लिए कई बार अधिकारियों को लिखित तौर पर शिकायत दी गई है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। कीर्ति नगर के मुख्य सड़क के अलावा अंदर की सड़कों का हाल दयनीय है। पहले से टूटी सड़कें बारिश के मौसम से और अधिक खस्ता हाल हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क बनाने के नाम पर लोगों से सिर्फ झूठे वादे किए जाते हैं। अभी तक सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है। बारिश के मौसम के चलते कीर्ति नगर की सड़कों से गुजरना बहुत मुश्किल हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क का निर्माण करवाकर राहत देने की गुहार लगाई है।
जल्द करवाया जाएगा सड़क का निर्माण : दर्शन लाल
क्षेत्र के पूर्व पार्षद दर्शन लाल धर्मसोत ने बताया कि कीर्ति नगर की सड़कों को पक्का करने के लिए निगम की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कोरोना संकट के चलते काम शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने बताया निगम के अधिकारियों से उनकी बात हुई है। आगामी सप्ताह में कीर्ति नगर में सड़कों का काम शुरू हो जाएगा।