रूठों को मनाने आए सुखबीर बादल के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, काली झंडियां दिखाई
शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल का कपूरथला में किसानों ने विरोध किया।
हरनेक सिंह जैनपुरी, कपूरथला
जिले में शिअद कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के मकसद से बुधवार को शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल एसजीपीसी की अंतरिग कमेटी के सदस्य जरनैल सिंह डोगरावाल के आवास और शिअद के सीनियर नेता सुखदेव सिंह नानकपुर के स्कूल (जीडी गोयंका) पहुंचे। सुखबीर ने गांव डोगरावाल में सिर्फ दो मिनट तक ही कार्यकर्ताओं से बातचीत की तथा मीडिया से बिना बात किए ही रवाना हो गए।
इस दौरान किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने सुखबीर सिंह बादल से सवाल पूछने की कोशिश की गई लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें सुखबीर तक पहुंचने नहीं दिया। किसानों की तरफ से सुखबीर बादल को काली झंडिया दिखाई गई। किसानों ने सुखबीर के खिलाफ नारेबाजी की तथा उनके जिले में आगामी किसी भी कार्यक्रम दौरान सुखबीर को जले में नहीं घुसने देने का ऐलान भी किया गया।
सुखबीर सिंह बादल कपूरथला हलके की सीट बसपा के खाते में दिए जाने और सुल्तानपुर लोधी में कांग्रेस से अकाली दल में शामिल हुए कैप्टन हरमिदर सिंह को टिकट दिए जाने की वजह से रुठे हुए अकाली नेताओं को मनाने एवं वर्करों में जोश भरने की नीयत से बुधवार को कपूरथला पहुंचे थे।
सबसे पहले वह गांव डोगरावाल में एसजीपीसी के सदस्य व अंतरिग कमेटी के मेंबर नियुक्त किए गए जरनैल सिंह डोगरावाल के घर पहुंचे। इस दौरान जरनैल सिंह डोगरावाल, शिअद जिला प्रधान हरजीत सिंह वालिया, शिअद-बसपा उम्मीदवार दविदर सिंह ढपई एवं हलका इंचार्ज परमजीत सिंह एडवोकेट ने सुखबीर का स्वागत किया गया।
सुखबीर बादल ने कांग्रेस के विधायक नवतेज सिंह चीमा निशाना साधते हुए कहा कि चीमा ने शिअद वर्करों साथ धक्केशाही किया है। जितनी गुंडागर्दी इस हलके में देखने को मिली और कही नही है। चीमा को अपने गुनाहों का हिसाब देना पड़ेगा। सुखबीर बादल सिर्फ कार्यकर्ताओं से सिर्फ शिअद-बसपा उम्मीदवार के हक में काम करने की बात कहकर रवाना हो गए।
इसके पश्चात सुखबीर सिंह बादल शिअद के सीनियर युवा नेता सुखदेव सिंह नानकपुर के स्कूल पहुंचे जिनका सुखदेव सिंह नानकपुर एवं शिअद की पीसीए के सदस्य रणजीत सिंह खुराणा तथा अकाली नेताओं को तरफ से जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने नानकपुर के साथ चंद मिनटों के लिए बंद कमरे में बैठक की और मीडिया से बिना बात किए लौट गए।
किसानों की तरफ से जीडी गोयंका स्कूल के बाहर फत्तूढीगा रोड पर सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ एक घंटे तक प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर सुल्तानपुर लोधी से अकाली दल के प्रत्याशी कैप्टन हरमिदर सिंह भी उपस्थित थे।