साइकिल चलाएं, पर्यावरण बचाएं : गुरबचन सिंह
लक स्टोन वेलफेयर फाउंडेंशन ने राजीव गांधी इन्क्लेव में जागरूकता कार्यक्रम करवाया
संवाद सहयोगी, कपूरथला : प्रदूषण की रोकथाम के लिए सामाजिक संगठनों के साथ-साथ प्रशासन भी लोगों को जागरूक करने का काम कर रहा हैं। रैली, नुक्कड़ नाटक और घर-घर जाकर लोगों से प्रदूषण की रोकथाम की अपील की जा रही है। यह अभियान शहर के अलग-अलग इलाको में चलाया जा रहा है। स्कूली बच्चों के साथ हर शनिवार और रविवार को गली-मोहल्ले में रैली निकालकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। रविवार को लक स्टोन वेलफेयर फाउंडेशन एवं प्रशासन की ओर एएसआइ गुरबचन सिंह की अगुआई में राजीव गांधी इन्क्लेव में पर्यावरण सुधार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एएसआइ गुरबचन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए सहयोग करें। पर्यावरण को और धरती को बचाना है तो हम सबको मिलकर प्रदूषण के खिलाफ जंग लड़नी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि दुनिया की ऊर्जा जरूरतों का 80 फीसदी हिस्सा पैट्रोल, डीजल से पूरा होता है। बेहतर होगा कि हम प्रदूषण फ्री साइकिल को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि जर्मनी के सबसे बड़े शहर बर्लिन में 78 फीसदी लोग आने-जाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करते हैं। चीन में भी साइकिल पर जोर दिया जा रहा है। भारत में इस दिशा में क्या कुछ किया जा सकता है। साइकिल को बढ़ावा देने के लिए लोगों पहल करनी चाहिए।
लक स्टोन वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष दिव्यांशु भोला ने कहा कि साइकिल का उपयोग बढ़ाया जाना चाहिए। यह शारीरिक दूरी को कायम करने में बेहतर सिद्ध होगा। लाकडाउन के दौरान देश भर में अधिकतर वाहनों की गति थम सी गई थी। इससे पर्यावरण में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। पर्यावरण बेहतर रहे इसके लिए आने वाले समय में साइकिल को बढ़ावा देने की जरूरत है। कपूरथला के सदर बाजार, बस स्टैंड आदि को साइकिल जोन घोषित कर दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर परमप्रीत, गुरिदर, ऋषि, राहुल,गौरव, नेंसी भोला, अरमान, अपूर्व महाजन, नव्या, मानव, नामित आदि उपस्थित थे।