शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए मांगा सहयोग
लक स्टोन वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष दिव्यांशु भोला ने विधायक राणा गुरजीत सिंह से मुलाकात की।
संवाद सहयोगी, कपूरथला : प्लास्टिक के इस्तेमाल से पर्यावरण को हो रहे नुकसान के चलते लक स्टोन वेलफेयर फाउंडेशन ने कपूरथला को प्लास्टिक मुक्त करने की घोषणा की है। शुक्रवार को लक स्टोन वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष दिव्यांशु भोला ने कपूरथला के विधायक राणा गुरजीत सिंह से मुलाकात कर सहयोग मांगा। विधायक राणा गुरजीत सिंह ने फाउंडेशन की इस मुहिम की सरहाना की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
दिव्यांशु भोला ने लोगों से अपील की कि वह हर दिन सिगल यूज प्लास्टिक एकत्रित करें तथा लक स्टोन वेलफेयर फाउंडेशन के पास जमा कराएं। कपूरथला को प्लास्टिक से मुक्त करने में सहयोग दें। उन्होंने कहा प्लास्टिक के कारण देश ही नहीं दुनिया में विभिन्न तरह की समस्याएं पैदा हो रही हैं। इसके सीधे खतरे दो तरह के हैं। एक तो प्लास्टिक में ऐसे बहुत से रसायन होते हैं जो कैंसर का कारण माने जाते हैं। इसके अलावा शरीर में ऐसी चीज जा रही है जिसे हजम करने के लिए हमारा शरीर बना ही नहीं है। इसलिए आम लोगों को ही प्लास्टिक से मुक्ति का अभियान शुरू करना होगा। प्लास्टिक हमारे शरीर और पर्यावरण को कितना नुकसान पहुंचा सकता है, इसे हम पिछली सदी का अंत होते-होते अच्छी तरह समझ चुके थे। यह भी सच है कि इतने साल बीच जाने के बावजूद न तो हम इसका विकल्प खोज सके और न ही इसका इस्तेमाल बढ़ने की दर ही थाम सके। अनन्या शर्मा ने कहा कि वैज्ञानिकों ने पाया है कि प्लास्टिक हम सबके शरीर में किसी न किसी रूप में पहुंच रहा है। यह एक ऐसी समस्या बनकर उभर रही है जिससे निपटना अब भी दुनिया के ज्यादातर देशों के लिए एक बड़ी चुनौती है।