Move to Jagran APP

कांग्रेस, शिअद-बसपा और आम आदमी पार्टी ने उतारे उम्मीदवार, भाजपा कर रही मंथन

विधान सभा चुनाव को लेकर भाजपा ने जिले के चारों हलके से उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है।

By JagranEdited By: Published: Mon, 17 Jan 2022 09:06 PM (IST)Updated: Mon, 17 Jan 2022 09:06 PM (IST)
कांग्रेस, शिअद-बसपा और आम आदमी पार्टी ने उतारे उम्मीदवार, भाजपा कर रही मंथन
कांग्रेस, शिअद-बसपा और आम आदमी पार्टी ने उतारे उम्मीदवार, भाजपा कर रही मंथन

अमित ओहरी, फगवाड़ा

loksabha election banner

अकाली दल से संबंध विच्छेद होने के पश्चात भाजपा के लिए विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों का चयन बेहद चुनौतीपूर्ण है। भाजपा के पास शहरी सीटों पर पुराने चेहरे ही हैं। 2019 के उपचुनाव चुनाव में पराजय का मुंह देख चुके प्रत्याशी पर भाजपा दांव खेले, पैराशूट से किसी उम्मीदवार को लाए या फिर किसी ओर नेता को चुनावी दंगल में उतारे, इसको लेकर पार्टी अभी असमंजस में है। पसोपेश यह है कि पुराने चेहरे पर दांव आजमाया जाए तो 2019 की उपचुनाव जैसी स्थिति न बने, वहीं पैराशूट से आने वाले उम्मीदवार को उतारती है तो विरोध के स्वर न गूंजें। वहीं भाजपा फगवाड़ा हलके को अच्छी तरह से जानते पहचानते स्थानीय किसी नेता पर ही दांव खेलने की तैयारी में लगती है। भाजपा ने इस चुनाव में पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी), भाजपा व सुखदेव सिंह ढींडसा की संयुक्त अकाली दल के साथ गठबंधन किया है। हालांकि फगवाड़ा विधानसभा हलके में भाजपा को काफी मजबूत माना जाता है। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि 20 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनावों में भाजपा ही अपने उम्मीदवार को फगवाड़ा हलके से चुनावी मैदान में उतारेगी। इसके लिए भाजपा टिकट आवंटन में गठजोड़ की सहमति भी बना लेगी।

2017 में सोम प्रकाश व 2019 में राजेश बाघा उतरे थे चुनाव मैदान में

साल 2017 के चुनाव में फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र हलके में भाजपा ने सोम प्रकाश को चुनाव मैदान में उतारा था। सोम प्रकाश ने कांग्रेसी उम्मीदवार जोगिदर सिंह मान को हराकर दूसरी फगवाड़ा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि साल 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा ने सोम प्रकाश को होशियारपुर संसदीय क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया और उन्होंने जीत दर्ज की और सोम प्रकाश केंद्र में मोदी सरकार में राज्य मंत्री बन गए। इसके बाद साल 2019 में फगवाड़ा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को करारी हार मिली। यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार बलविदर सिंह धालीवाल (सेवानिवृत आइएएस) ने करीबन 26 हजार वोटों से जीत प्राप्त की।

2022 के लिए फगवाड़ा से घोषित प्रत्याक्षी

कांग्रेस - बलविदर सिंह धालीवाल (सेवानिवृत आइएएस)।

शिअद-बसपा - जसवीर सिंह गढ़ी। (पंजाब बसपा प्रधान)

आप - जोगिदर सिंह मान। (पूर्व मंत्री)

भाजपा ने घोषित नहीं किया कोई उम्मीदवार

साल 2019 में फगवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में राजेश बाघा ने भाजपा की टिकट से चुनाव लड़ा था। हालांकि भाजपा की ओर से उन्हें ऐन मौके पर टिकट दिया गया था। लेकिन वह कांग्रेस के बलविदर सिंह धालीवाल से यह चुनाव हार गए। 2022 में होने वाले चुनावों के लिए भाजपा की ओर से अभी कोई सूची जारी नहीं की गई। फगवाड़ा में चर्चा है कि भाजपा की ओर से इस बार के चुनावों में नया चेहरा उतारा जाएगा। जिसकी हर वर्ग में अच्छी पकड़ हो। संभावना है कि भाजपा इसी सप्ताह में अपना उम्मीदवार घोषित कर देगी। भाजपा से केंद्रीय राज्यमंत्री सोम प्रकाश की धर्मपत्नी समाजसेविका अनीता सोम प्रकाश को भाजपा की टिकट की सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है और टिकट की दौड़ में अनीता सोम प्रकाश सबसे आगे बताई जा रही है। अनीता सोम प्रकाश लंबे समय से फगवाड़ा हलके में सक्रिय भी है। हालांकि फगवाड़ा हलके से भाजपा की टिकट की दौड़ में एससी-एसटी कमीशन के चेयरनमैन विजय सांपला के भतीजे अमित सांपला आशु, प्रदेश भाजपा महासचिव राजेश बाघा और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एसआर लद्दड़ का नाम भी शामिल बताया जाता है। वहीं पैराशूट से भी किसी बाहरी उम्मीदवार को भेजे जाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.