कांग्रेस किसानों के साथ, कृषि सुधार कानून रद करे केंद्र सरकार : धालीवाल
कृषि आंदोलन के समथर्न में फगवाड़ा कांग्रेस के नेता 14 दिसंबर को शंभू बार्डर पर प्रदर्शन करेंगे।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : पंजाब प्रदेश काग्रेस देश भर में तथा दिल्ली सीमा पर कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन में 14 दिसंबर को शभू बार्डर पर धरना लगाने जा रही है। यह धरना सुबह 11 बजे से बाद दोपहर तीन बजे तक होगी। यह जानकारी शुक्रवार को विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटायर्ड आइएएस) ने चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ की ओर से बुलाई गई मीटिंग में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में कही। वहीं विधायक ने पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ को फगवाड़ा में किसान आंदोलन को लेकर चल रही गतिविधियों की जानकारी भी दी। इस दौरान पीपीसीसी सचिव मनीष भारद्वाज भी मौजूद थे।
विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा कि प्रदेश काग्रेस व पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार पूरी तरह से पहले दिन से ही किसानों के साथ है तथा उनकी मागों के माने जाने तक उनके आंदोलन को समर्थन देती रहेगी। विधायक ने कहा कि कैप्टन सरकार की ओर से जोरदार ढंग से केंद्र सरकार के कानूनों का सच लोगों के सामने रखे जाने से किसानों के आंदोलन को बल मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जानती है कि अगर किसान तबाह हो गया तो देश को आर्थिक तौर पर मजबूत रखना संभव नहीं रहेगा और मोदी सरकार द्वारा लाए कानून नोटबंदी की तरह ही देश की आर्थिकता के लिए घातक सिद्ध होंगे।
विधायक ने कहा कि 14 दिसंबर के धरने की तैयारियों के लिए फगवाड़ा में बैठक की जाएगी। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता 14 दिसंबर को शंभू बार्डर पर होने वाली किसानों के समर्थन में कांग्रेस की रैली में हिस्सा लेने जाएंगे। विधायक धालीवाल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की गलत नीति तथा नीयत किसानों को सड़कों पर रुलाने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का किसान सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए तीन महीने से सारे देश में आंदोलन कर रहा है, पर देश की लोकतात्रिक तरीके से चुनी सरकार डिक्टेटरशाही जैसे व्यवहार अपनाए है। विधायक धालीवाल ने कहा कि अगर केंद्र ने अपने व्यवहार में परिवर्तन लाकर किसानों की बात न सुनी तथा काले कानून रद न किए तो इसके विपरित परिणाम निकल सकते है। केंद्र सरकार अपना अड़ियल रवैय्या छोड़े तथा किसानों की बात मान कर उनकी घर वापसी करे। विधायक ने कहा कि कांग्रेस किसान संगठनों की ओर से जिला स्तर पर किए जाने वाले रोष प्रदर्शनों में भी सहयोग करेगी।