नए कृषि कानून रद करे केंद्र सरकार : धालीवाल
विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटायर्ड आइएएस) ने केंद्र सरकार से कृषि कानून रद करने की मांग की।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटायर्ड आइएएस) ने केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर कारपोरेट घरानों का शुभचिंतक होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि कानून बनाकर किसानों के साथ बड़ा धोखा किया है और कारपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के मकसद से ही पीएम मोदी ने किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह की सरकार पंजाब के किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उनके हक के लिए हर लड़ाई लड़ेगी। विधायक धालीवाल ने कहा कि कृषि सुधार कानूनों के नाम पर केंद्र सरकार ने रोटी और अन्य आवश्यक चीजों को बाहर रखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों की मंडियों को छीनकर कारपोरेट कंपनियों को बेच देना चाहती है। विधायक धालीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार के नए कानून के साथ जमाखोरी बढ़ेगी, गोदामों में अनाज होगा, पर गरीब की पहुंच से दूर होगा। विधायक धालीवाल ने कहा कि आज जिन किसानों को अपनी फसल संभालने के लिए घरों व मंडियों में होना चाहिए, वह पीएम नरेंद्र मोदी के गलत फैसले के कारण सड़कों व रेलवे लाइनों में रात गुजारने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर किसान व मजदूर विरोधी कानून पास किए हैं जो कि किसानों व मजदूरों सहित आम लोगों व कारोबारियों के लिए रद न होने की सूरत में घातक साबित होंगे। विधायक धालीवाल ने केंद्र सरकार पर पंजाब की जीएसटी का बकाया न देने का भी आरोप लगाया है।
नई दाना मंडी में किसानों की रैली आज
संवाद सूत्र, सुल्तानपुर लोधी :कृषि कानूनों को रद करवाने के लिए किसान मजदूर संघर्ष कमेटी की तरफ से 14 मार्च को सुल्तानपुर लोधी में महा रैली की जा रही है। जोन सुल्तानपुर लोधी व जोन भाई लालो जी डल्ला साहिब की तरफ से सुल्तानपुर लोधी की नई दाना मंडी में रविवार को होने वाली इस रैली की तैयारियां की जा रही है।
सरवन सिंह बाऊपुर ने बताया कि इस रैली में पंजाब प्रांत के जिलों के प्रधान, जिला सचिव व अन्य जत्थे बंदियों के प्रतिनिधि संबोधित करेंगे। जब तक केंद्र सरकार कानून वापस नहीं ले लेती तब तक संघर्ष चलता रहेगा।
दिलप्रीत सिंह टोडरवाल ने बताया रैली में महाराजा रणजीत सिंह यूथ क्लब की तरफ से आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले पांच किसानों के परिजनों को 51-51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। इस अवसर पर परमजीत सिंह, सुखप्रीत सिंह पसण कदीम ,बलजिदर सिंह शेरपुर, हाकम सिंह खजांची, विक्की जैनपुर, नरेंद्र सिंह, लखविदर सिंह व अन्य मौजूद थे।