कृषि विधेयक पर अकाली-भाजपा आमने-सामने
कृषि विधेयक अकाली-भाजपा में दरार की वजह बन गया है।
हरनेक सिंह जैनपुरी, कपूरथला
कृषि विधेयक अकाली-भाजपा में दरार की वजह बन गया है तथा अकाली-भाजपा नेता एक दूसरे के आमने-सामने आ चुके हैं। अकाली दल कृषि विधेयक का विरोध कर रहा तो भाजपा नेता विधेयक के पक्ष में खड़े है। भाजपा नेता कृषि अध्यादेश को किसान के हित में और शिअद किसान विरोधी बता रहे हैं। कृषि विधेयक को लेकर लोगों में भी बहुत विरोधाभास पाए जा रहा है जिससे असमंजस की स्थित बनी हुई है। दैनिक जागरण की टीम ने जिले के अकाली-भाजपा नेताओं से बात कर कृषि अध्यादेश पर उनकी राय जानी।
केंद्र सरकार ने किसानों को विश्वास में नहीं लिया : जरनैल
सीनियर अकाली नेता एवं एसजीपीसी मेंबर जरनैल सिंह डोगरावाल का कहना है कि केंद्र सरकार किसानों की सलाह लिए बिना कृषि अध्यादेश लेकर आई है। इससे किसानों की बर्बादी तय है। 130 करोड़ आबादी को अनाज उपलब्ध करने वाले किसान व्यापारियों के अधीन हो जाएंगे। व्यापारी अपनी मर्जी से औने पौने दाम पर किसानों से फसल खरीदकर जमा करेंगे तथा बाद में बाजार में महंगे रेट में बेच कर मुनाफा कमाएंगे।
किसानों को नहीं, निजी कंपनियों को होगा लाभ : हरबीर
किसान हरबीर सिंह रंधावा कहते हैं कि देश व राज्य में अधिकांश छोटे किसान है, जो काफी मुश्किल से मंडी तक फसल लेकर जाते हैं। गरीब किसान फसल बेचने के लिए कहां जाएगा। कृषि विधेयक का लाभ किसानों को नहीं बल्कि निजी कंपनियों को होगा। वह किसानों का शोषण करेगी। अगर देश में खेती को बचाना है तो यह विधेयक वापस होना बेहद जरुरी है।
कृषि विधेयक किसानों के हित में नहीं नहीं : अमरबीर सिंह लाली
सीनियर अकाली नेता व जिला योजना बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अमरबीर सिंह लाली का कहना है कि कृषि विधेयक से किसान बर्बाद हो जाएंगे। वह बंधुआ मजदूर बन कर रह जाएंगे। देश के खेती सेक्टर को बचाने के लिए यह बिल वापस होने चाहिए। केंद्र सरकार को किसानों के हितों का ध्यान रखना चाहिए।
किसानों के हित में है कृषि विधेयक : मनुधीर
भाजपा के सीनियर नेता मनुधीर का कहना है कि कृषि विधेयक किसानों को बर्बादी से बाहर निकालने के लिए लाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि कृषि विधेयक से खेती में व्यापक सुधार आएगा। किसान अपनी फसल कही भी ले जाकर बेच सकेंगे। किसान पर अब किसी तरह का बंधन नही रहेगा। वह आढ़तियों के चुंगल से भी मुक्त हो जाएंगे।
किसानों को मिलेगा फसल का उचित मूल्य : यज्ञ दत्त ऐरी
भाजपा नेता यग दत्त ऐरी का मानना है कि केंद्र सरकार की तरफ से बेहद सोच विचार के बाद विधेयक को संसद में पेश किया गया है जिससे किसानों की आय दुगनी करने का सपना पूरा होगा। किसान को फसल का वाजिब दाम मिलेगा और वह अपनी फसल को बेचने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र होगा। कृषि विधेयक उत्पादों की बिक्री, थोक विक्रेताओं, खुदरा विक्रेताओं और निर्यातकों के साथ किसानों को जुड़ने के लिए सशक्त करता है।
बिचौलियों से मिलेगा छुटकारा : मधु सूद
भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला प्रधान मधु सूद ने बताया कृषि विधेयक किसानों के हित में है। सरकार किसानों को गुणवत्ता वाले बीज की आपूर्ति, तकनीकी सहायता और फसल बीमा का लाभ मुहैया करवाएगी। किसानों को बिचौलिये से छुटकारा मिलेगा तथा वह अपनी फसल को कही भी उचित मूल्य पर बेच सकेंगे।