धन निरंकार के जयघोषों से गूंजा शहर
संत निरंकारी मिशन का 72वां वार्षिक निरंकारी संत समागम रविवार को शुरू हो गया।
जागरण संवाददाता, कपूरथला : संत निरंकारी मिशन का 72वां वार्षिक निरंकारी संत समागम रविवार को संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल जीटी रोड समालखा (पानीपत) में सदगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आगमन के साथ शुरू हुआ। समागम स्थल पर संगत ने संत निरंकारी मंडल के अध्यक्ष गोबिन्द सिंह, उपाध्यक्ष वीडी नागपाल और केन्द्रीय योजना एवं सलाहकार बोर्ड के चेयरमैन केआर चड्ढा का गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में संगत शामिल हुई। सबसे आगे सेवादल का बैंड था और उसके पीछे समागम के सभी प्रबंधक तथा देश एवं दूर-देशों से आये प्रचारक महात्मा चल रहे थे। समस्त वातावरण धन निरंकार के जयघोष के साथ गूंज रहा था।
मुख्य मंच पर पहुंचते ही सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने समागम का उद्घाटन अपने 'मानवता के नाम संदेश' के साथ किया। उन्होंने कहा आज हम 72वें वार्षिक संत समागम के लिए दूर-दूर से एकत्रित हुए हैं, ताकि मिशन का सत्य, प्रेम और एकत्व पर आधारित संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि हम जैसे ही निरंकार प्रभु-परमात्मा को जान लेते हैं, उससे अपना नाता जोड़ लेते हैं, तो सभी के घट में इसका नूर देखते हैं। यही हमारी पहचान बन जाती है और सारा संसार हमें विश्व-बंधुत्व के भाव से ओत-प्रोत प्रतीत होता है। ब्रह्मज्ञान का अहसास होते ही हमारे जीवन मे निखार आ जाता।
तीन दिन के इस समागम में देश के कोने-कोने और संसार के कई अन्य देशों से आए लाखों भक्तजन भाग ले रहे हैं। समागम कमेटी की ओर से समागम स्थल पर मूलभूत सुविधाओं का प्रबंध किया गया है।