जालंधर के आदमपुर में गुंडागर्दी, आधी रात को दुकानदार को गांव में घेरकर पीटा
आदमपुर के दशमेश नगर के मनदीप सिंह ने बताया कि उसकी बस स्टैंड के नजदीक बिजली के सामान की दुकान है। मंगलवार रात वह बाइक पर घर लौट रहा था। रास्तेे में आरोपित प्रिंस और उसके साथियों ने हमला कर लहूलुहान कर दिया।
जालंधर, जेएनएन। तीन साल पहले हुए झगड़े का बदला लेने के लिए एक युवक ने साथियों के साथ इलेक्ट्रिकल्स के दुकानदार की पिटाई कर डाली। उस पर रात को गांव के मोड़ पर घेरकर हमला किया गया। हालांकि जब गांव के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे तो आरोपित भाग निकले। आदमपुर पुलिस ने दुकानदार के बयान पर आरोपित प्रिंस व उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
आदमपुर के मोहल्ला दशमेश नगर में रहने वाले मनदीप सिंह ने बताया कि उसकी स्थानीय बस स्टैंड के नजदीक बिजली के सामान की दुकान है। मंगलवार को वह दुकान बंद कर रात करीब पौने नौ बजे मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। उससे आगे उसके पिता मनजीत सिंह भी एक्टिवा से लौट रहे थे। जब वह एफसीआइ गोदाम से दशमेश नगर की तरफ मुड़ने लगे तो वहां पर प्रिंस वर्मा अपने साथ कुछ लड़कों को लेकर खड़ा था। प्रिंस ने मोटरसाइकिल पर जाते हुए ही बेसबाल से हमला कर दिया, जो उसके कंधे पर लगा। फिर उसके साथ खड़े दूसरे लड़कों ने भी उस पर हमला कर दिया।
अचानक हमला होने के कारण वह मोटरसाइकिल से गिर गया। इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। यह देख आगे जा रहे उसके पिता तुरंत लौटकर उसके पाए आए। शोर सुनकर कुछ और लोग भी जुटने लगे। यह देख प्रिंस व उसके साथी भाग निकले। पिता मनजीत सिंह ने तुरंत उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें