NRI मर्डर केसः पत्नी ने भतीजे संग मिलकर प्रेमी के हाथों करवाया था कत्ल, तीन गिरफ्तार
एनआरआइ को उसकी पत्नी ने अवैध संबंधों के चलते भतीजे के साथ मिलकर मरवाया था। पहले उसे सिर पर वार कर बेहोश किया गया और बाद में गला घोंट शव झाडिय़ों में फेंक दिया।
जालंधर/शाहकोट, जेएनएन। अमेरिका से लौटे एनआरआइ को लुधियाना से बुलाकर उसकी हत्या कर शव सतलुज दरिया किनारे झाडिय़ों में फेंकने के मामले को महितपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। एनआरआइ को उसकी पत्नी ने अवैध संबंधों के चलते भतीजे के साथ मिलकर मरवाया था। पुलिस ने चार हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मृतक की पत्नी का प्रेमी भी शामिल है।
शाहकोट के डीएसपी वरिंदरपाल सिंह ने कहा कि 16 अगस्त को अमेरिका से आए अमृतसर के थाना ब्यास अधीन आते चीमा बाठ निवासी एनआरआइ जरनैल सिंह का शव गांव रायपुर अराइयां में सतलुज दरिया के किनारे झाडिय़ों से मिला था। पुलिस ने मृतक की पत्नी व भाई हरदीप सिंह की शिकायत पर हत्या व शव खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज कर लिया था। जिसमें उसने बताया था कि जरनैल 28 जुलाई को भारत लौटा और लुधियाना के हैबोवाल कलां में अपने दोस्त गुरदेव सिंह के घर ठहरा था। वहां से उसे फोन कर बुलाया गया और फिर उसकी लाश बरामद हुई।
जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी सर्बजीत कौर के दो साल पहले फेसबुक के जरिए मोगा के थाना अजीतवाल की ढुडीके पत्ती निवासी मनजिंदर सिंह उर्फ बाज के साथ प्रेम संबंध बन गए। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन जरनैल उनकी राह में रोड़ा था। जिसके बाद सर्बजीत ने गुरदासपुर के चीमा खुड्डी में रहने वाले भतीजे हरचरन सिंह के साथ मिलकर एनआरआइ की हत्या की साजिश रची। इनके कहने पर पत्नी के प्रेमी बाज ने मोगा के भूपिंदरपाल सिंह उर्फ भिंदा, अमरीक सिंह उर्फ मीका और लुधियाना के मनमिंदर सिंह उर्फ बिन्नी के साथ मिलकर जरनैल का कत्ल कर दिया। पुलिस ने जांच के बाद पहले मुख्य आरोपित मनजिंदर सिंह और उसके साथी भूपिंदर सिंह को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। उनसे पूछताछ के बाद हत्या की साजिश रचने वाले हरचरन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।
हरचरन ने फोन कर बुलाया, गला घोंट मारा
थाना महितपुर के एसएचओ लखवीर सिंह ने बताया कि जरनैल जब पिछले साल आया तो हरचरन सिंह के साथ घूमता था। इसलिए इस बार भी जब वो आया तो उसे उसकी पत्नी व हरचरन के इरादों का पता नहीं था। उसकी भारत पहुंचने का पता चलने पर हत्या की साजिश रची गई। इसके बाद हरचरन ने उसे फोन करके लुधियाना से बुलाया कि उसके कुछ दोस्त उससे मिलना चाहते हैं। फिर वो उसे गाड़ी में बिठाकर लाए और लांबड़ा पहुंचने पर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वो बेहोश हो गया। इसके बाद उसे गाड़ी में ही वो सुनसान जगह पर ले गए और गला घोंटकर मारकर शव झाडिय़ों में फेंक दिया।
सर्बजीत ने तबाह की जिंदगी
मृतक जरनैल सिंह की उम्र 70 साल है जबकि उसकी पत्नी सर्बजीत कौर 35 साल की है। पहले सर्बजीत ने अमेरिका जाने की चाह में अपने से दोगुनी उम्र के व्यक्ति से विवाह किया और अब प्रेमी से शादी करने के बाद पति को मरवा दिया। मेहतपुर पुलिस ने उसे भी केस में नामजद किया है। हालांकि अभी वह अमेरिका में है लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस कागजी कार्रवाई में जुट गई है।