Weather Update: तेज बारिश व सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंडक, फिर गिरा पारा
शनिवार को अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस चल रहा तापमान रविवार सुबह गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस रह गया।
जालंधर, जेएनएन। रविवार को सुबह तेज बारिश तथा सर्द हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी। यह पहला अवसर था, जब गर्मी का कहर बरपाने वाले मई महीने में लोगों ने फरवरी जैसी ठंड का अहसास किया। इस कारण पिछले तीन दिनों से लगातार गिर रहे तापमान का दौर जारी रहा। शनिवार को अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस चल रहा तापमान रविवार सुबह गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस रह गया। यही नहीं मई महीने में न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने से लोगों ने एक बार फिर से ठंड महसूस की।
वीरवार बाद दोपहर से आसमान में छाए बादल तथा तेज हवाओं के बाद से ही मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो गया था। सप्ताह की शुरुआत में 42 से लेकर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुके तापमान में गिरावट का दौर भी इसके साथ ही शुरू हो गया। जिसके तहत शुक्रवार को 38 तथा शनिवार को 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं रविवार को सुबह से ही आसमान में गरज के साथ छाए बादल तथा तेज बारिश के बाद तापमान में हो रही गिरावट के बाद 30 डिग्री सेल्सियस रह गया। हालांकि मौसम विभाग ने इसे लेकर पहले से चेतावनी दी थी। उधर कृषि विशेषज्ञ डॉक्टर विनीत शर्मा के मुताबिक अगर बारिश के साथ ओलावृष्टि होती है तो इससे खरबूजा तथा तरबूज की फसल प्रभावित हो सकती है। जबकि धान की फसल की बुवाई करने वालों के लिए बारिश लाभकारी है। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा।