रात में बारिश से ठंडा हुआ मौसम, आज छाए रहेंगे बादल
शनिवार रात को हुई बारिश से मौसम ठंडा हो गया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर
वीकेंड पर शाम को करवाचौथ की खरीदारी को निकले लोगों का मजा बारिश ने किरकिरा कर दिया। हालांकि, तेज बारिश कुछ समय के लिए ही हुई, लेकिन इस दौरान चली तेज हवाएं और धूल भरी आंधी ने लोगों को घर वापस लौटने को विवश कर दिया।
दरअसल, रविवार को मनाए जाने वाले करवाचौथ को लेकर एक दिन पहले सुबह से ही खरीदारी का दौर शुरू हो गया था। रात आठ बजे के बाद अचानक से चली तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और बारिश ने लोगों की खरीदारी का मजा खराब कर दिया। हालांकि लोगों को गर्मी से निजात मिल गई। पिछले कई दिनों से रोजाना धूप खिल रही है। इस बीच शनिवार को देर रात तक दुकानें खोलने की आस लगाए बैठे व्यापारियों को बारिश शुरू होते ही दुकानें बंद करनी पड़ी। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस चल रहा तापमान बारिश के चलते लुढ़ककर 29 डिग्री सेल्सियस रह गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, मौसम विभाग द्वारा आने वाले 24 घंटे के दौरान मौसम यथावत बने रहने की संभावना जताई गई है। इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डा. दलजीत सिंह बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम के मिजाज में परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि शनिवार को हुई बारिश का असर रविवार को भी रहेगा।