Punjab Election 2022: भाजपा ने फगवाड़ा से विजय सांपला को मैदान में उतारा, सरबजीत मक्कड़ देंगे परगट को टक्कर
Punjab Assembly Election 2022 फगवाड़ा सीट पर भाजपा का अच्छा जनाधार है लेकिन दो गुटों में पार्टी के नेताओं के बंटने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसी कारण भाजपा अभी तक फगवाड़ा से किसी भी उम्मीदवार का नाम फाइनल नहीं कर पाई थी।
मनोज त्रिपाठी, जालंधर। भारतीय जनता पार्टी ने वीरवार दोपहर बाद 27 और प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। भाजपा ने फगवाड़ा विधानसभा हलके से पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला को चुनाव मैदान में उतारा है।सांपला के अलावा जालंधर जिले की करतारपुर विधानसभा सीट से पूर्व मेयर सुरिंदर महे, जालंधर कैंट के पूर्व अकाली दल नेता सरबजीत सिंह मकक्ड़ और शाहकोट से नरिंदर पाल सिंह चंडी को टिकट दी गई है।
पहले इस सीट से सांपला अपने रिश्तेदार के लिए टिकट मांग रहे थे। वहीं, फगवाड़ा से केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश भी अपने परिवार में टिकट देने की मांग कर रहे थे।
बता दें कि फगवाड़ा सीट पर भाजपा का अच्छा जनाधार है लेकिन दो गुटों में पार्टी के नेताओं के बंटने से मुश्किलें बढ़ गई थी। इसी कारण भाजपा अभी तक फगवाड़ा से किसी भी उम्मीदवार का नाम फाइनल नहीं कर पाई थी। विजय सांपला बीते कई सालों से केंद्र की राजनीति में रहे हैं। पार्टी ने आरक्षित सीट पर मजबूत उम्मीदवार के चेहरे के रूप में सांपला को उतारा है। पार्टी के अनुसार अब सांपला की पार्टी को पंजाब में जरूरत है। इसलिए केंद्रीय राजनीति को अलविदा कहकर वह पंजाब में दोबारा सक्रिय हो रहे हैं।
कुछ समय पहले तक सीएम पद के दावेदार माने जा रहे थे सांपला
सांपला कुछ समय पहले तक भारतीय जनता पार्टी व सहयोगी दलों की सरकार आने पर मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे थे। कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा की तरफ से विधानसभा चुनाव में दलित कार्ड चले जाने से पहले ही इस समीकरण को पलट दिया। नतीजतन पार्टी ने अपनी रणवीर बदली। इसके बाद नए सिरे से समीकरण बन रहे हैं। फिलहाल, सांपला के फगवाड़ा सीट से आने के बाद उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती सोमप्रकाश को मना पाना होगी।