जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में छेड़खानी के बाद हुए विवाद में भिड़े दो पक्ष, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
महानगर के थाना बस्ती बावा खेल इलाके के बाबू लाभ सिंह नगर में देर रात छेड़खानी के बाद हुए विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ही तरफ से जमकर लाठी-डंडे और तेजधार हथियार चले।
जागरण संवाददाता, जालंधर। महानगर के थाना बस्ती बावा खेल इलाके के बाबू लाभ सिंह नगर में देर रात छेड़खानी के बाद हुए विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ही तरफ से जमकर लाठी-डंडे और तेजधार हथियार चले। मंगलवार रात करीब 10 बजे हुए इस विवाद में दोनों ही पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में एक पक्ष का आरोप है कि वह मंगलवार देर रात अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर बाबू लाभ सिंह नगर अपने घर जा रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी पत्नी पर फब्तियां कसी और जब इस बात का उन्होंने विरोध किया तो अचानक कुछ युवकों ने उनके ऊपर हमला कर दिया।
मामले में जब उनके परिजनों ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो युवकों ने उनके साथ ही मारपीट की और मारपीट करने के बाद मौके से फरार हो गए। इस विवाद में एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के भी कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना बस्ती बावा खेल इलाके की पुलिस को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों ही पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए एएसआइ यशपाल ने बताया कि दोनों ही पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है जिसके बाद मामले में बनती कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Coronavirus Vaccination : जालंधर पहुंची कोविशील्ड की 50 हजार डोज, आज इन सेंटरों में लगेगी वैक्सीन