Road Accident in Jalandhar : जालंधर में सड़क हादसों में डिप्स स्कूल महिला कर्मी सहित दो लोगों की मौत
जालंधर के ईसा नगर में रहने वाली डिप्स स्कूल की महिला कर्मी की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका सुमन देवी किसी काम से सूरानुस्सी रोड फाटक के पास से निकल रही थी। इस दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी।
जालंधर, जेएनएन। शहर में मंगलवार को अलग-अलग सड़क हादसों में डिप्स स्कूल की महिला कर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति की हालत गंभीर है जिसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। ईसा नगर में रहने वाली डिप्स स्कूल की महिला कर्मी की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान करीब 42 वर्षीय सुमन देवी पत्नी चंद्र भूषण के रूप में हुई है। सुमन देवी किसी काम से सूरानुस्सी रोड फाटक के पास से निकल रही थी। इस दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी। थाना डिवीजन नंबर एक के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।
उधर, लम्मा पिंड फ्लाईओवर के पास कैंटर व ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई और उसके साथ बैठा एक व्यक्ति गंभीर जख्मी हो गया। मृतक की पहचान गांव ध्यानपुर फतेहगढ़ चूड़ियां निवासी सोहन सिंह के रूप में हुई। घायल की पहचान गांव ध्यानपुर फतेहगढ़ चूड़ियां निवासी रोबिन मसीह के रूप में हुई। घायल रोबिन मसीह ने बताया कि वह पटियाला से ट्रैक्टर को लोडर लगवा कर वापस गांव जा रहे थे। जैसे ही वह लम्मा पिंड फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। वह लोग ट्रैक्टर के बीच में ही फंस गए। लोगों ने उनको बाहर निकाला लेकिन सोहन सिंह की मौत हो चुकी थी। थाना रामामंडी के एसआई कुलदीप सिंह व एचसी ओंकार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।