जालंधर में बड़ा हादसा, लोहियां की पुदीना फैक्ट्री में गैस चढ़ने से दो सगे भाइयों की मौत
घटना गांव मुंडी चोहलियां में किसान मेथा प्लांट के नाम की फैक्ट्री में घटी है। पाल सिंह एक ड्रम साफ करने नीचे उतरा तो उसे गैस चढ़ गई। बचाने गए भाई और उसके साथी का भी यही हाल हुआ।
लोहियां (जालंधर), जेएनएन। लोहियां के गांव में चल रही एक पुदीना फैक्ट्री में गैस चढ़ने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई जबकि एक कर्मचारी की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों भाइयों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं, जिंदगी के लिए जूझ रहे कर्मचारी को जालंधर रेफर कर दिया गया है। लोहियां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री का जायजा लिया। फैक्ट्री मालिक से पूछताछ की जा रही है। घटना का पता चलते ही गांव के लोगों ने भी पुलिस थाने के बाहर डेरा जमा लिया है।
लोहियां के गांव मुंडी चोहलियां में किसान मेथा प्लांट के नाम से एक छोटी फैक्ट्री चल रही है। इसमें पुदीना का तेल निकाला जाता है। इसे आगे पुदीन हरा या पिपरमेंट आदि बनाने के लिए भेजा जाता है। शुक्रवार की सुबह गांव के ही सगे भाई पाल सिंह और फुम्मन सिंह काम करने के लिए पहुंचे। फैक्ट्री में करीब 10 से 15 फुट के ड्रम जमीन में गाड़े हुए हैं, जिन्हें साफ करने के लिए पाल सिंह नीचे उतरा था। ड्रम काफी समय से बंद होने के कारण उनके अंदर गैस भरी हुई थी, इससे पाल सिंह को एकदम से गैस चढ़ गई और उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख भाई फुम्मन सिंह, साथी कर्मचारी काला सिंह के साथ उसे बचाने के लिए ड्रम के अंदर गया लेकिन उन्हें भी गैस चढ़ गई।
जैसे ही बाकी कर्मचारियों को इसका पता लगा तो उन्होंने फटाफट तीनों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पाल और फुम्मन सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि काला सिंह को जालंधर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने किसान मेथा प्लांट के मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया है। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।