जमशेर खास में पूर्व पंच की हत्या करने वाले गिरफ्तार
जमशेर खास के पास पूर्व पंच मान सिंह राणा की तीन गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सहयोगी, जालंधर : जमशेर खास के पास रंजिश के चलते पूर्व पंच मान सिंह राणा की तीन गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित जमशेर खास का रहने वाला बहादुर सिंह और सतविदर सिंह है। मुख्य आरोपित जसकरण सिंह उर्फ जस्सा फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही है। थाना सदर के प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बहादुर सिंह और सतविदर सिंह जीएनए चौक के पास हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
बीते दिनों जमशेर में रहने वाले पूर्व पंचायत सदस्य मान सिंह की घर के बाहर ही गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को दी शिकायत में मान सिंह के बेटे हरजीत सिंह ने बताया था कि सोमवार सुबह उन्हें परिवार समेत सुल्तानपुर गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के दर्शन करने जाना था। उसके 65 वर्षीय पिता घर के नजदीक ही गांव के गुरुद्वारा साहिब में चले गए। जब वह तैयार होकर घर के बाहर निकला तो सुबह करीब पौने पांच-छह बजे जमशेर से जालंधर साइड की तरफ एक कार आई। इसमें से तीन व्यक्ति नीचे उतरे और एक कार की ड्राइविग सीट पर बैठा रहा। कार से उतरने वाले जमशेर खास के रहने वाले जसकरन सिंह उर्फ जस्सा, बहादुर सिंह व सतविदर सिंह थे। बहादुर सिंह व सतविदर सिंह ने उसके पिता को पकड़ लिया और जसकरन जस्सा ने पिस्तौल से पिता पर चार-पांच फायर किए। इसके बाद वे कार में बैठकर जालंधर की तरफ फरार हो गए थे। अस्पताल ले जाते हुए पिता मान सिंह की मौत हो गई। हरजीत ने कहा कि उसके पिता का कत्ल जमशेर खास के रहने वाले इंदरप्रीत सिंह के साथ चल रहे मुकदमे की वजह से हुआ है। इंदरप्रीत इस वक्त कपूरथला जेल में सजा काट रहा है। उसने ही उसके पिता का कत्ल कराया है।