महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाला बने विधायक
विधानसभा चुनाव को लेकर महिलाओं में भी जोश और उत्साह भरा हुआ है।
जासं, जालंधर
विधानसभा चुनाव को लेकर महिलाओं में भी जोश और उत्साह भरा हुआ है। उनका यही कहना है कि वे इस बार चुनाव में उसी उम्मीदवार के हक में वोट डालेंगी, जो महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करे और शहर में नशे का खात्मा करे। कारण, नशा ही अपराध का जन्मदाता है। जिस हलके में नशा नहीं होगा, वहां अपराध भी नहीं होगा। इससे ही शहर का विकास हो सकेगा।
हलके के विकास के लिए नशे को खत्म करना बेहद जरूरी है। कारण, इससे ही अपराध को बढ़ावा मिल रहा है। जहां नशा ही नहीं होगा तो अपराध भी नहीं होगा। हलके में ऐसे ही नेता को चुनना चाहिए। इसी में सबकी भलाई है।
निर्मल शर्मा, गृहिणी
जिस प्रकार से अपराध बढ़ रहा है, घर से निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है। यह सब बढ़ती नशावृत्ति की वजह से हो रहा है। इसलिए इस बार चुनाव में केवल उसी उम्मीदवार को वोट मिलेगा जो अपने हलके से नशे को खत्म करेगा और महिलाओं की सुरक्षा को भी सुनिश्चित करेगा।
शालिनी शर्मा, गृहिणी
प्रत्येक हलके के बेहतर विकास के लिए नशे पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है। तभी सभी लोगों की सुरक्षा को यकीनी बनाया जा सकता है। इस चुनाव में ऐसी सोच रखने वाले नेता को ही वोट दूंगी।
सुमन शर्मा, गृहिणी
नशे के कारण पंजाब के हालात बेहद खराब हैं। नशे की वजह से कई-कई परिवार तबाह हो चुके हैं। इसी से अपराध का जन्म भी हुआ है। नशा और अपराध को रोक लगाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले को इस बार चुनेंगे।
शारदा शर्मा, गृहिणी