जालंधर में यात्रियों पर भारी पड़ रही स्पाइसजेट की तकनीकी वजह, दिल्ली-आदमपुर की फ्लाइट लगातार हो रही लेट
जालंधर में ढाई महीने से दिल्ली-आदमपुर फ्लाइट के संचालन में निरंतर हो रही देरी ने यात्री परेशान हैं। यात्रियों को फ्लाइट लेट होने की कोई ठोस वजह पता ही नहीं चल पा रही है और यात्री दिल्ली से कनेक्टिंग फ्लाइट बुक कराने में निर्णय नहीं ले पा रहे हैं।
जालंधर [मनुपाल शर्मा]। उड़न खटोले में दिल्ली तक की यात्रा करने वाले दोआबा के यात्रियों को स्पाइसजेट की तकनीकी वजह बेहद परेशान कर रही है। बीते लगभग ढाई महीने से दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट के संचालन में निरंतर हो रही देरी ने बेहद असमंजस की स्थिति उत्पन्न कर रखी है। यात्रियों को फ्लाइट लेट होने की कोई ठोस वजह पता ही नहीं चल पा रही है और असमंजस के चलते यात्री अब दिल्ली से कनेक्टिंग फ्लाइट बुक कराने में भी कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। स्पाइसजेट की तरफ से तकनीकी कारणों की वजह से फ्लाइट के देरी से संचालित होने की सूचना दी जा रही है। यह तकनीकी कारण बीते ढाई महीने से लगातार फ्लाइट को देरी से संचालित करवा रहे हैं और इन तकनीकी कारणों को दूर भी नहीं किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- जालंधर में 100 से अधिक साल पुराने स्कूलों का इतिहास बताएंगे शिक्षक, मुख्य गेट पर लिखा जाएगा स्थापना दिवस
बुधवार को एक बार फिर से दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट का संचालन लगभग पौने दो घंटे की देरी से संभव हो सका है। आदमपुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट के उड़ान भरने का समय शाम 5:05 निर्धारित है, लेकिन बुधवार को फ्लाइट नहीं लगभग कर 6:47 पर दिल्ली के लिए टेकऑफ किया। इसी तरह से दिल्ली आदमपुर सेक्टर की फ्लाइट के संचालन में पौने दो घंटे से ज्यादा की देरी हुई। दिल्ली से आदमपुर के लिए फ्लाइट के उड़ान भरने का समय बाद दोपहर 3:40 निर्धारित है, लेकिन फ्लाइट ने बुधवार को 5:30 बजे आदमपुर के लिए उड़ान भरी।
बुधवार को भी एक बार फिर से फ्लाइट संचालन में हुई देरी की वजह तकनीकी कारण ही बताया गया। यात्रियों को कोविड-19 के मद्देनजर बरती जा रही सावधानी की वजह से लगभग 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पर रिपोर्ट करने के लिए कहा जा रहा है और फ्लाइट देरी से संचालित होने की वजह से यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि स्पाइसजेट की तरफ से 28 मार्च से आदमपुर-मुंबई एवं आदमपुर-जयपुर सेक्टर की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है, लेकिन दिल्ली की फ्लाइट को समय पर संचालित करना अभी भी चुनौती ही बना हुआ है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें