हेरोइन व प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी में जालंधर के कई लोगों के नाम आए सामने, आरोपित निखिल व रमन ने किए खुलासे
जालंधर में हेरोइन और प्रतिबंधित दवाओं के साथ गिरफ्तार आरोपितों निखिल और रमन से पूछताछ में पुलिस के सामने कई बड़े नशा तस्करों और परचून व्यापारियों के नाम आए हैं। जांच में सामने आया था कि दोनों आरोपितों के संबंध जालंधर के कई नशा तस्करों से थे।
संवाद सहयोगी, जालंधर। जालंधर में 10 दिसंबर शुक्रवार को हेरोइन और प्रतिबंधित दवाओं के साथ गिरफ्तार आरोपितों निखिल और रमन से पूछताछ के बाद जांच में जुटी पुलिस के सामने शहर के कई बड़े नशा तस्करों और परचून व्यापारियों के नाम सामने आए हैं। जांच में सामने आया था कि दोनों आरोपितों के संबंध जालंधर के कई नशा तस्करों से थे और वे बड़े नशा तस्करों से हेरोइन और प्रतिबंधित दवाएं लेकर सप्लाई करते थे। जो उन दोनों से सप्लाई लेते थे वो भी आगे परचून में सप्लाई करते थे।
पुलिस जांच में कई ऐसे लोगों के नाम सामने आने के बाद अब पुलिस उनको भी इस केस में नामजद करने की तैयारी कर रही है। आरोपितों ने रिमांड के दौरान खुलासा किया था वो आर्डर पर नशा सप्लाई करने निकला था और जिसे करना था उसके बारे में भी पुलिस ने पूरी जानकारी जुटा ली है और उनको भी जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर फारेंसिक जांच के लिए भेजे थे और उनसे मिले नंबरों की भी पुलिस जांच कर है। बताया जा रहा है कि ज्यादातर मोबाइल नंबर नशा तस्करी से जुड़े लोगों के हो सकते हैं।
यह है मामला
शुक्रवार को थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस ने हेरोइन और प्रतिबंधित दवाएं सप्लाई करने आए दो लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपितों की पहचान कबीर विहार निवासी निखिल उर्फ गोलू और गांधी कैंप निवासी रमन कुमार उर्फ टिंका के रूप में हुई थी। आरोपितों के पास 38 पत्ते प्रतिबंधित गोलियों के मिले और 2 ग्राम हेरोइन मिली थी। थाना डिवीजन नंबर दो के प्रभारी अजायब सिंह ने बताया था कि गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपितों को बीएसएफ कालोनी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया था। तलाशी लेने पर उनके पास से नशीले पदार्थ मिले तो दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।