Jalandhar Weather update: सुहावने मौसम के साथ हुई दिन की शुरुआत, बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत
बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है वहीं शहर में कई जगह जलभराव होने के कारण राहगीरों को परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।
जालंधर, जेएनएन। वीरवार को सुहा़वने मौसम के बाद शुक्रवार सुबह भी हल्की-हल्की बारिश शुरू हो गई है। बारिश होने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। बारिश से शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, वीरवार को भी दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे और हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया। जिससे लोगों को पिछले दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है।
भले ही कमजोर मानसून होने के चलते इस बार बारिश कम हो रही है। कई बार तो शहर के कुछ इलाकों में ही मानसून की बौछार पड़ रही है। जबकि अन्य इलाकों में धूप खिली होती है। भीषम गर्मी व उमस के कारण मुश्किलों का सामना कर रहे लोगों ने शुक्रवार सुबह राहत की सांस ली है। हालांकि मौसम विभाग ने पहले से ही 14 अगस्त को बारिश की संभावना जताई थी। अब 16 अगस्त को फिर से आसमान में बादल छाए रहने तथा बारिश की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, जन्माष्टमी पर बारिश होने की परंपरा को बरकरार रखते हुए बुधवार को सुबह के समय मौसम सामान्य होने के बावजूद दोपहर को मानसून की बौछार पड़ी। इस कारण अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक बना रहा।