जालंधर में महिला की आपत्तिजनक फोटो वायरल करने वाला आरोपित गिरफ्तार, आठ महीने से चल रहा था फरार
महानगर के थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने बीते 8 महीने से फरार चल रहे महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उन्हें वायरल करने के आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपित पर पुलिस ने जालंधर की रहने वाली महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया था।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने बीते 8 महीने से फरार चल रहे महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उन्हें वायरल करने के आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपित पर थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने जालंधर की रहने वाली महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाए थे कि उसके दोस्त हैं। उसकी चोरी से वीडियो और तस्वीरें खींच ली थी जिसके बाद वह लगातार महिला को ब्लैकमेल कर रहा था। इस दौरान उसने महिला के साथ तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए।
महिला का आरोप था कि आरोपित उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करता रहा। महिला का आरोप था कि बीते साल उसकी बेटी की शादी थी उस समय भी आरोपित उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए बुला रहा था लेकिन जब महिला ने मना किया तो उसने महिला की अश्लील वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दी। महिला की शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने दिसंबर 2020 में आरोपित दलजीत सिंह निवासी कोट बाबा दीप सिंह नगर के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
मामले की जानकारी देते हुए थाना डिवीजन आठ के प्रभारी रुपिंदर सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित अपने घर के पास ही घूम रहा है जिसके बाद पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए दलजीत को गिरफ्तार कर लिया और उसे कोर्ट में पेश कर उसका 2 दिन का रिमांड हासिल किया है। वहीं पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपित के फोन को फॉरेंसिक में भेजने की तैयारी कर रही है ताकि उसकी जांच की जा सके।