अपाहिज आश्रम के चेयरमैन तरसेम कपूर स्टेट अवार्ड से सम्मानित
अपाहिज आश्रम के चेयरमैन तरसेम कपूर को स्टेट अवार्ड से अलंकृत किया गया।
जागरण संवाददाता, जालंधर
अपाहिज आश्रम के चेयरमैन तरसेम कपूर को स्टेट अवार्ड से अलंकृत किया गया है। वर्ल्ड डिसेबल डे पर सामाजिक सुरक्षा व स्त्री तथा बाल विकास विभाग पंजाब की तरफ से उर्दू अकेडमी मालेरकोटला में आयोजित समारोह के दौरान मंत्री रजिया सुल्ताना द्वारा उन्हें स्टेट अवार्ड से नवाजा गया। इस दौरान मालेरकोटला की डिप्टी कमिश्नर माधवी कटारिया, सोशल वेलफेयर विभाग के प्रिसिपल सेक्रेटरी राज.पी.श्रीवास्तव व डायरेक्टर डीपीएस खरबंदा मौजूद थे।
पिछले ढाई दशक से समाज सेवा के कार्यो में जुटे तरसेम कपूर अपाहिज आश्रम के चेयरमैन रहते हुए दिव्यांग व अपनों से ठुकराए लोगों को आश्रय दे रहे हैं। इसके साथ ही जरूरतमंदों की सेवा के लिए फ्री डिस्पेंसरी, आंख व दांत, एक्यूप्रेशर, क्लीनिकल लैब, फिजियोथेरेपी व गायनी सहित कई सुविधाएं दी जा रही है। इसके अलावा कोट किशन चंद शिवपुरी शमशानघाट, श्री महाकाली दशहरा कमेटी सहित जिले की विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं में अहम पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। इससे पूर्व भी मिल चुके हैं कई अवार्ड
तरसेम कपूर की बेहतर सेवाओं के चलते पहले भी सरकार द्वारा उन्हें कई पुरस्कार दिए जा चुके हैं। इसमें वर्ष 2016 में स्वतंत्रता दिवस पर जिला प्रशासन की तरफ से सोशल अवार्ड, 2016 में हिमाचल के गवर्नर व 2018 में पंजाब सरकार द्वारा स्टेट अवार्ड, जिओ दिल से अवार्ड, 2019 में भगत पूर्ण सिंह अवार्ड, फरीदकोट 2019 रक्षा सूत्र अवार्ड शामिल है। इंसानियत की सेवा है जीवन का उद्देश्य : कपूर
तरसेम कपूर बताते हैं कि इंसानियत की सेवा करना जीवन का उद्देश्य बन चुका है। इसमें पत्नी सुनीता कपूर का सहयोग सदैव रहा है। घर में भले ही वह खासा समय न दे पाएं, लेकिन अपाहिज आश्रम से लेकर सामाजिक कार्यो में अधिकतर समय बीतता है।