Weather: अभी और झेलनी पड़ेगी गर्मी और लू की मार, एेसे करें खुद का बचाव
पिछले दो दिनों से आसमान से बरस रहे अंगारों के बीच शुक्रवार को सुबह ही तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू गया।
जेएनएन, जालंधर। पिछले दो दिन से आसमान से बरस रहे अंगारों के बीच शुक्रवार सुबह ही तापमान 43 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू गया। अचानक गर्मी के जोर पकड़ने से लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर गुजर रहे लोग सिर-मुंह ढककर व छाता लेकर गुजरते हुए नजर आए। इस दौरान स्कूली बच्चों की हालत ज्यादा खराब हो रही है। कारण, जिन स्कूलों में अभी गर्मी की छुट्टियां शुरू नहीं हुई है, वहां पर छुट्टी के समय पारा पूरे यौवन पर होता है।
मौसम विभाग के मुताबिक चार जून तक पारा अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मई माह में मौसम औसत रहा था। बल्कि, कई दिन तो अधिकतम पारा 29 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस भी ली। जबकि माह के अंतिम पड़ाव में एक बार फिर से प्रचंड गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। तेजी से बढ़ रहे तापमान व लू चलने के अंगारे बरसा रही गर्मी से लोग बीमार पड़ रहे हैं तो बाजारों में भी सन्नाटा छा गया है। शहर में वीरवार को दोपहर 2.40 बजे अधिकतम पारा 43.9 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अभी और झेलनी पड़ेगी लू और गर्मी की मार
मौसम विभाग के मुताबिक गर्मी व लू से जल्द राहत मिलने वाली नहीं है। खासकर जून माह के प्रथम सप्ताह तो रोजाना तापमान में इजाफे का संभावना जताई गई है। इस बारे में मौसम विभाग के डायरेक्टर डाॅ. सुरिंदर पाल बताते हैं कि जून माह में पारा 45 के भी पार जा सकता है।
बुखार के मरीजो की संख्या बढ़ी
डाॅ. रमेश कंबोज बताते हैं कि पारा बढ़ने के दौरान बुखार, पेट खराब व डायरिया के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। कारण, खरबूजा व तरबूज का सेवन करने के बाद अक्सर लोग पानी का सेवन कर लेते हैं। जो सीधे रूप से पेट खराब का कारण है।
ऐसे बचें लू से
- घर से निकलने से पहले पानी पीएं।
- धूप की किरणों से बचाव के लिए सनस्क्रीन लोशन लगाएं।
- घर से कुछ दूरी पर जाने के दौरान पानी की बोतल साथ लेकर जाएं।
- हार्ट और बीपी के मरीज तेज धूप में निकलने से परहेज करें।
- घरेलू नुस्खा दिन के समय दो-तीन बार नमक-चीनी वाले नींबू पानी का सेवन करें।
- खाने में इमली व पुदीना की चटनी को शामिल करें। रसदार फलों का सेवन करें।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप