Italy की PR दिलाने के नाम पर ठगे छह लाख, दो पर केस दर्ज
यशपाल ने बताया कि उन्होंने केवल राम और उसके साथी कशमीर सिंह को छह लाख रुपये कैश और आठ लाख के चेक दे दिए। काफी समय बीत जाने पर भी कोई वीजा नहीं आया।
होशियारपुर, जेएनएन। विदेश का सपना दिखाकर ठगी मारने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना चब्बेवाल पुलिस के एएसआइ जग्गा राम ने कालेवाल फत्तु थाना माहिलपुर के रहने वाले यशपाल सिंह के बयान पर सोहियांकल थाना मजीठा जिला अमृतसर के रहने वाले कश्मीर सिंह और लहिली कलां थाना चब्बेवाल केवल राम के खिलाफ केस दर्ज किया है।
यशपाल सिंह ने बताया कि उसका भाई किरपाल सिंह विदेश जाना चाहता था। उसके रिश्तेदार ने बताया कि वह एक एजेंट केवल राम को जानता है। उसी के कहने पर वे केवल राम से मिले। इस दौरान केवल राम ने बताया कि वह 14 लाख रुपये लेंगे और पक्के तौर पर इटली भेज देंगे। यशपाल ने बताया कि उन्होंने केवल राम और उसके साथी कशमीर सिंह को छह लाख रुपये कैश और आठ लाख के चेक दे दिए।
काफी समय बीत जाने पर भी जब कोई वीजा नहीं आया तो उन्होंने केवल राम से बात की। इस पर उसने कहा कि किरपाल राम को पहले एक वर्ष के लिए ग्रीस जाना होगा और उसके बाद वहां से वह इटली चला जाएगा। वहां उसके आदमी किरपाल राम को संभाल लेंगे। शक होने पर यशपाल ने आठ लाख के दिए चेक बैंक से रुकवा दिए। कुछ समय बाद वह केवल और कश्मीर सिंह से पैसे मांगने लगे तो वह पैसे देने में टालमटोल करने लगे। इसके बाद जिला पुलिस प्रमुख को केवल राम और उसके साथी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें