अकाली विधायक वडाला की चुनावी बैठक में चली गोली, एक घायल
थाना सदर नकोदर के अंतर्गत आते गांव चूहड़ में अकाली विधायक गुरप्रताप सिंह वडाला की चुनावी बैठक खत्म होते ही खूनी विवाद हो गया। विधानसभा चुनाव में यह पहली गोली चली है।
संवाद सहयोगी, जालंधर : थाना सदर, नकोदर के अंतर्गत आते गांव चूहड़ में अकाली विधायक गुरप्रताप सिंह वडाला की चुनावी बैठक खत्म होते ही खूनी विवाद हो गया। विधानसभा चुनाव में यह पहली गोली चली है। बैठक में मौजूद कपूरथला के जमींदार ने नकोदर के गांव खीवा निवासी सरबजीत सिंह उर्फ सोढी बाठ पर गोली चला दी। गोली सोढी बाठ की नाक पर सीधे लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। हमला करने वाला युवक वहां से फरार हो गया। सूचना मिलते ही एसपी मनप्रीत सिंह, डीएसपी नकोदर लखविदर सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे और कपूरथला निवासी लब्बा नाम के व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। विधायक गुरप्रताप सिंह वडाला ने गोली चलने के मामले में उनकी चुनावी बैठक का कोई भी संबंध होने से इन्कार किया है। उनका कहना था कि यह आपसी रंजिश का मामला है और इसका अकाली दल से कोई लेना-देना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक गांव चूहड़, थाना सदर नकोदर में दोपहर को अकाली दल की चुनावी बैठक रखी गई थी। इसमें विधायक और अकाली प्रत्याशी गुरप्रताप सिंह वडाला भी पहुंचे थे। करीब तीन बैठक खत्म होने पर वडाला मौके से निकले तो दो पक्षों में विवाद हो गया और गोली चल गई। इसके बाद आरोपित वहां से फरार गया। लोगों ने घायल को सिविल अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए जालंधर के ग्लोबल अस्पताल में पहुंचाया गया। एसपी मनप्रीत सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि घायल सोढी का कपूरथला के रहने वाले लब्बा नाम के व्यक्ति के साथ पैसों का कोई विवाद था। लेन-देन को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका है, जिसका पंचायती राजीनामा भी हुआ था। बैठक के बाद दोनों फिर से आमने-सामने हो गए, जिसके बाद हुए विवाद में लब्बा ने सोढी को गोली मार दी। पुलिस ने देर रात गोली चलाने के मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। एसपी मनप्रीत सिंह ने बताया कि गांव चूहड़ निवासी आकाश, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा गिल उर्फ दातर, विशाल और कपूरथला के गांव वडाला कलां निवासी लब्बा व एक अज्ञात व्यक्ति ने सरबजीत सिंह उर्फ सोढी बाठ को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। रंजिश की वजह आपसी लेनदेन सामने आई है। सभी आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। लब्बा की गिरफ्तारी के लिए टीमें भेज दी गई हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चलेगा कि जिस हथियार से गोली मारी गई है वो लाइसेंसी था या कोई और था। नाक और खोपड़ी की कई हड्डियां टूटी : डाक्टर
उधर, ग्लोबल अस्पताल के डायरेक्टर डा. राजीव सूद का कहना था कि गोली नाक पर सीधे लगते हुए खोपड़ी से टकराई। नाक और खोपड़ी की कई हड्डियां टूट गई, जिससे खून काफी बह गया। फिलहाल घायल के अंदर से निकल रहा खून बंद कर दिया गया है और नया खून चढ़ाना शुरू कर दिया है। घायल की हालत अभी गंभीर है। वडाला को जारी हुआ चुनाव आयोग का नोटिस
नकोदर के गांव चूहड़ में बैठक के उपरांत गोली चलाए जाने की घटना के बाद जहां आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। वहीं शिअद प्रत्याशी गुरप्रताप सिंह वडाला को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी कर दिया है। नकोदर की रिटर्निग आफिसर पूनम सिंह बताती हैं कि डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 तथा कोविड-19 को लेकर जारी किए गए नियमों की अवहेलना को लेकर नोटिस जारी किया गया है।