अब सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगी दुकानें; मॉल्स, बार्बर शॉप और जिम बंद रहेंगे
अभी तक दुकानें खोलने का समय सुबह 9 से 1 बजे का था जिसे अब बदल दिया गया है। बाक़ी शर्तें पुरानी ही रहेंगी।
जालंधर, जेएनएन। जिले में अब दुकानें सुबह सुबह 9 से दोपहर 1 बजे के बजाय सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर बाद 3 बजे तक खुलेंगी। डीसी वरिंदर कुमार शर्मा ने बुधवार देर शाम इसके आदेश जारी कर दिए। अभी तक दुकानें खोलने का समय सुबह 9 से 1 बजे का था, जिसे अब बदल दिया गया है। बाक़ी शर्तें पुरानी ही रहेंगी। जिसमें स्टैंड अलोन, नेबरहुड दुकानों के साथ मोहल्ले या गेट वाली कॉलोनियों में दुकानें खुल सकेंगी।
सैलून, ब्यूटी पार्लर और जिम अभी बंद रहेंगे
सैलून, ब्यूटी पार्लर, जिम, मॉल आदि खोलने पर अभी पाबंदी जारी रहेगी। दुकानें सिर्फ़ वही खुलेंगी जो सामान बेचती हैं। किसी तरह की सर्विस वाली दुकानें नहीं खुलने दी जाएंगी। दुकानों के बाहर लोगों को शारीरिक दूरी और मास्क पहनने की शर्त अनिवार्य होगी। इसके लिए दुकानदार को सफ़ेद रंग के गोले बनाने होंगे और कर्मचारियों को मास्क पहनना जरूरी होगा। सामान लेने के लिए घर का एक सदस्य पैदल जा सकेगा। कोई गाड़ी लेकर गया तो उसे ज़ब्त कर लिया जाएगा। सामान लेने जाने वाले का मास्क पहनना ज़रूरी है अन्यथा केस दर्ज होगा। छूट के यह आदेश कंटेनमेंट जोन में लागू नहीं होंगे।
स्पोर्ट्स गुड्स की दुकानें भी खोले सरकारः खेल उद्योग संघ
इधर, खेल उद्योग संघ ने भी सरकार से बस्ती नौ स्थित खेल के सामान की दुकानें खोलने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सेहत बिगाड़ने वाले शराब के ठेके खोल दिए हैं। शराब की होम डिलीवरी की मंजूरी दे दी है पर लोगों को तंदरुस्त रखने वाले खेल के सामान की दुकानें खोलने की मंजूरी नहीं दी गई है। संघ के कन्वीनर विजय धीर, को-कन्वीनर प्रवीण आनंद ने कहा लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए खेल के सामान की दुकानों को खोलने की आव्यकता है। सरकार इस ओर ध्यान दे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें