रात में महिलाओं को सरकारी गाड़ी में घर छोड़ेंगे SHO, महिला पुलिस भी रहेगी साथ Jalandhar News
रात नौ से सुबह छह बजे के बीच मदद मांगने वाली महिलाओं को थाना या चौकी इंचार्ज महिला पुलिस को साथ लेकर अपनी सरकारी गाड़ी से घर तक छोड़कर आएंगे।
जालंधर, जेएनएन। देहात पुलिस क्षेत्र में रात नौ से सुबह छह बजे के बीच मदद मांगने वाली महिलाओं को थाना या चौकी इंचार्ज महिला पुलिस को साथ लेकर अपनी सरकारी गाड़ी से घर तक छोड़कर आएंगे। यह आदेश एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने सभी थाना व चौकी इंचार्जों को दिए। इस पूरे काम की देखरेख के लिए एसपी हेडक्वार्टर रविंदरपाल सिंह संधू को नोडल अफसर नियुक्त किया गया। किसी तरह की परेशानी में महिलाएं उनसे 98158-43700 पर भी संपर्क कर सकती हैं।
देहात पुलिस मुख्यालय में अफसरों से बैठक में एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने पंजाब सरकार की ओर से जारी हिदायतों का हवाला देते हुए गजटेड अफसरों के साथ थाना व चौकी के इंचार्जों को इसके लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने कहा कि रात को नौ से सुबह छह बजे तक जब भी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या 181 पर कोई महिला फोन करे तो ड्यूटी अफसर तुरंत थाना या चौकी इंचार्ज को फोन पर सूचित करें। इस पर एसएचओ बिना किसी देरी के महिला पुलिस को साथ लेकर उक्त महिला को घर के पते पर अपनी सरकारी गाड़ी में सुरक्षित पहुंचाएंगे।
लोगों को जागरूक करने को कहा
उन्होंने थाना व चौकी इंचार्ज के साथ सांझ केंद्र इंचार्ज को भी हिदायत की कि अपने अधीन आते इलाकों की पंचायत, स्कूल-कॉलेज व अन्य संस्थानों के प्रबंधकों के साथ मीटिंग कर इसके बारे में सूचित करें। उन्होंने थाना इंचार्जों को कहा कि अपने-अपने इलाके में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक जगहों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाएं। रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक हर थाने में ड्यूटी अफसर के साथ महिला कर्मचारी हाजिर रहेंगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें