जालंधर के बस्ती बाबा खेल में सीवरेज जाम, नगर निगम को दिया 2 दिन का अल्टीमेटम
पार्षद पति वनीत धीर ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनके पास अब सड़कों पर विरोध करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
जालंधर, जेएनएन। बरसात के दौरान शहर में जगह-जगह सीवरेज ब्लॉकेज की समस्या से लोग परेशान हैं। बुधवार को वार्ड नंबर 77 के बस्ती बावा खेल एरिया में सीवरेज जाम होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी जमा हो गया। इससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इलाका पार्षद श्वेता धीर के पति और भाजपा के उपाध्यक्ष वनीत धीर ने फेसबुक पर लाइव होकर चेतावनी दी है कि अगर 2 दिन में नगर निगम ने समस्या का समाधान ना किया तो वह जनता को साथ लेकर सड़क यातायात रोकने पर मजबूर हो जाएंगे।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि वह कई बार बस्ती बावा खेल में सीवरेज जाम की समस्या उठा चुके हैं लेकिन नगर निगम अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वनीत धीर ने कहा कि अब तो हालात ऐसे हो गए हैं कि एक्सईएन और सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर फोन तक नहीं उठा रहे। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड में सड़क निर्माण के कई टेंडर लगे हैं लेकिन काम शुरू नहीं किया जा रहा। अगर सड़क निर्माण का काम देरी से हो रहा है तो भी कोई चिंता नहीं है लेकिन सीवरेज जाम की समस्या का हल तो तुरंत किया जाना चाहिए।
लोग बाथरूम तक इस्तेमाल नहीं कर पा रहे
उन्होंने कहा कि वह बुधवार को इलाके के कई घरों में गए, जहां पर सीवरेज बैक मारने से घरों में पानी घुसा हुआ है। यहां लोग अपना बाथरूम तक इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। धीर ने कहा कि अब नगर निगम के खिलाफ सड़कों पर उतरने के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं बचा है। बता दें कि बस्ती पीरदाद रोड स्थित कॉलोनियों में भी लोग सीवरेज का पानी जमा होने से परेशान हैं। यहां भी दो दिन पहले लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया था।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें