संजय शर्मा की तलाश जारी
संजय कराटे स्कूल का मालिक संजय शर्मा का सुराग रविवार को भी पुलिस नहीं लगा पाई है।
संवाद सहयोगी, जालंधर : करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में नामजद संजय कराटे स्कूल का मालिक संजय शर्मा का सुराग रविवार को भी पुलिस नहीं लगा पाई है। पुलिस ने उसकी तलाश में छापेमारी की लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। संजय के रिश्तेदारों पर भी पुलिस ने दबाव बनाया हुआ है ताकि उसके जल्द से जल्द पेश किया जा सके। वहीं उसके दिल्ली में रहने वाले जानकारों को भी पुलिस ने हिदायत दी है कि उसका कुछ पता चलते ही पुलिस जल्द से जल्द उनको सूचित करे। तलवंडी, नकोदर के रहने वाले सुखराज सिंह सहित अन्य लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये ठगने के मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बीते दिनों दिल्ली के रहने वाले ट्रांसपोर्टर सुखविदर सिंह बाजवा ने थाना छह की पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि संजय कराटे स्कूल के मालिक संजय ने अपनी मॉडल टाउन वाली करोड़ों की प्रॉपर्टी उनको बेचने के लिए सौदा किया था। सौदा होने के बाद संजय ने उसे समय-समय पर साढ़े चार करोड़ का एडवांस लिया और कहा था कि उसकी जमीन बैंक के पास गिरवी पड़ी है। उसे छुड़वाने के लिए पैसे चाहिए। उन्होंने विश्वास में आकर संजय को पैसे दे दिए। सुखविदर बाजवा के पुत्र जस्सी बाजवा ने बताया कि पैसे वापस मांगने पर संजय उनको जान से मारने की धमकी देता था। शिकायत के आधार पर संजय के खिलाफ मामला दर्ज हो गया था। इसके बाद तलवंडी नकोदर के रहने वाले सुखराज सिंह की शिकायत पर दर्ज हुए पर्चे में बताया था कि संजय ने बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ कारोबारी रिश्ते होने की बात कही थी और कनाडा भेजने के नाम पर उनसे सौदा किया था। इसके बाद उन्होंने 25 लाख प्रति व्यक्ति के हिसाब से खुद के समेत आठ लोगों को कनाडा भेजने के लिए 2 करोड रुपए दिए। फिर उनसे 50 लाख रुपए और मांगे गए लेकिन इसके बाद जो उन्हें वीजा दिए गए थे वह ऑनलाइन जांच में फर्जी पाए गए। इसकी शिकायत पुलिस को की गई थी और जांच के बाद पुलिस ने थाना छह में केस दर्ज कर लिया था।