संगरूर में जमीन विवाद में चली गोलियां, युवक ने की दादा और चाचा की हत्या
गांव बिजलपुर में 75 वर्षीय गुरजंट सिंह के दो पुत्रों के बीच जमीन को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। रविवार को गुरजंट सिंह के पोते गुरध्यान सिंह ने अपने दादा के घर पर आकर जमीन को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।
भवानीगढ़ (संगरूर), जेएनएन। भवानीगढ़ के नजदीकी गांव बिजलपुर में जमीनी विवाद को लेकर हुए झगड़े में पारिवारिक रिश्ते तार-तार हो गए। गुस्साए युवक ने अपने ही दादा और चाचा के परिवार पर बंदूक से गोलियां चला दी। गोली से बुजुर्ग दादा व चाचा की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। उसे तुुरंत सिविल अस्पताल भवानीगढ़ पहुंचाया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे पटियाला रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
गांव बिजलपुर में 75 वर्षीय गुरजंट सिंह के दो पुत्रों के बीच जमीन को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। रविवार को गुरजंट सिंह के पोते गुरध्यान सिंह ने अपने दादा के घर पर आकर जमीन को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान बुजुर्ग गुरजंट सिंह सिंह का पुत्र पंच गुरमंत सिंह भतीजे को रोकने लगा तो उसने अपनी बंदूक से फायर कर दिया। एक के बाद एक फायर करके गुरध्यान सिंह ने अपने दादा गुरजंट सिंह को मौत के घाट उतार दिया। इस झड़प में उसके चाचा गुरमंत सिंह व चचेरे भाई गुरदीप सिंह को भी गोली लगी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुचाया गया, जहां गुरमंत सिंह की भी मौत हो गई जबकि कुलदीप सिंह को पटियाला रेफर कर दिया गया। कुलदीप सिंह की भी हालत गंभीर बताई जा रही है।