लोगों को वैक्सीन का सुरक्षा कवच देने आगे आए धार्मिक संगठन
जालंधर में शनिवार को 18 हजार से अधिक लोगों को कोरोना रोधी टीका लगा जबकि 1500 लोगों को बूस्टर डोज लगी।
जागरण संवाददाता, जालंधर : नए साल की शुरुआत के साथ कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी और वैक्सीन लगवाने वालों की रफ्तार धीमी पड़ गई। सेहत विभाग ने हर घर दस्तक मुहिम भी चलाई, परंतु लोगों पर खास असर नहीं दिखा। अब लोगों को वैक्सीन का सुरक्षा कवच देने के लिए धार्मिक व सामाजिक संगठन आगे आए हैं। इसके साथ ही वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या बढ़ने लगी है।
राधा स्वामी सत्संग ब्यास ने फिर वैक्सीनेशन कैंप शुरू कर दिए हैं। सेवादारों का कहना है कि वैक्सीन लगवाने आने वालों के लिए लंगर, दूध व चाय की व्यवस्था भी है। साप्ताहिक दिनों में सुबह आठ से 12 बजे तक और रविवार को सुबह आठ बजे से दोपहर बाद तक वैक्सीन लगाई जाएगी। सर्व सांझा रूहानी मिशन ने परम पूजनीय संत जीवन बीर महाराज की नौवीं पुण्यतिथि पर टीकाकरण कैंप लगाया। मिशन की संचालक गुरु रजनी माता ने कहा कि वैक्सीन लगवाना अनिवार्य है। नवजोत मक्कड़, साहिल अरोड़ा, विनोद कालड़ा, मोहित अरोड़ा, तरुण त्रेहण, कंचन रानी, कृष्णा कालड़ा, जीविका रानी, सुनायना मक्कड़ तथा सिविल सर्जन कार्यालय से दविदर कौर व सीमा रानी ने कैंप में योगदान दिया। अपाहिज आश्रम के चेयरमैन तरसेम कपूर ने बताया कि संस्था वैक्सीन के 47 कैंप लगा चुकी है।
चुनावी ड्यूटी वाले करीब 1500 कर्मियों को लगी बूस्टर डोज
जालंधर : चुनावी ड्यूटी में जाने वाले करीब 1500 कर्मचारियों को चार दिन बाद बूस्टर डोज लगने से उन्होंने राहत की सांस ली। शनिवार को जिले में 221 सेंटरों में 18,643 लोगों को वैक्सीन की डोज लगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. राकेश चोपड़ा ने बताया कि रविवार को जिले में चुनाव को लेकर नौ जगह रिहर्सल होगी। इस दौरान कर्मचारियों को बूस्टर डोज भी लगाई जाएगी।